Jammu के शिव मार्केट में Omar Abdullah ने लिया अग्निकांड के नुकसान का जायजा

जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने रेलवे स्टेशन के समीप स्थित शिव मार्केट का दौरा कर आग से प्रभावित व्यापारियों से बातचीत की। इस हादसे में 40 दुकानें जलकर नष्ट हो गई थीं और करोड़ों रुपये का नुकसान हुआ था। प्रशासन ने राहत और वित्तीय सहायता के मामले पहले ही मुख्यमंत्री कार्यालय को भेज दिए हैं।
जम्मू, दो नवंबर जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने जम्मू रेलवे स्टेशन के पास आग से तबाह हुए शिव मार्केट पहुंचकर सोमवार को नुकसान का जायजा लिया। पिछले सप्ताह रविवार देर रात हुई इस घटना में दर्जनों दुकानें जलकर खाक हो गई थीं और व्यस्त कारोबारी इलाके में मलबे का ढेर लग गया था। आग पर कई घंटे बाद काबू पाया जा सका था।
मुख्यमंत्री ने आग से हुई तबाही का आकलन किया और उन व्यापारियों से बातचीत की, जिन्हें इस घटना में भारी आर्थिक नुकसान हुआ। आग की चपेट में कम से कम 40 दुकानें आ गईं और करोड़ों रुपये की संपत्ति जलकर नष्ट हो गई। उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी और परिवहन मंत्री जावेद अहमद राणा ने पिछले सप्ताह प्रभावित दुकानदारों से अलग-अलग मुलाकात की थी।
उन्होंने इस दौरान स्थिति का जायजा लिया और पीड़ितों के प्रति एकजुटता जताई। मंत्रियों ने प्रभावित व्यापारियों को आश्वासन दिया कि सरकार उनकी परेशानियों से पूरी तरह अवगत है और इस मुश्किल समय में उनके साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने बताया कि सभी प्रभावित दुकानदारों के राहत संबंधी मामले जिला प्रशासन पहले ही मुख्यमंत्री के पास विचार और उचित वित्तीय सहायता की मंजूरी के लिए भेज चुका है।
अन्य न्यूज़













