BJP विधायक Pankaj Singh ने Lucknow में बाढ़ पीड़ितों के लिए रवाना कीं राहत सामग्री

BJP विधायक Pankaj Singh ने Lucknow में बाढ़ पीड़ितों के लिए रवाना कीं राहत सामग्री
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

नोएडा के भाजपा विधायक पंकज सिंह ने शनिवार को लखनऊ के फैजुल्लागंज क्षेत्र में बाढ़ से प्रभावित परिवारों को राशन सामग्री पहुंचाने वाले वाहनों को हरी झंडी दिखाई। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की प्रेरणा से शुरू किए गए इस अभियान के तहत 10,000 जरूरतमंद परिवारों तक जरूरी खाद्य वस्तुएं पहुंचाई जा रही हैं। इसके साथ ही इलाके में जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए 300 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं को भी मंजूरी दी गई है।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और नोएडा के विधायक पंकज सिंह ने शनिवार को लखनऊ के फैजुल्लागंज में बाढ़ प्रभावित परिवारों को राहत सामग्री पहुंचाने के लिए ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। पंकज सिंह ने अपने पिता, रक्षा मंत्री और लखनऊ के सांसद राजनाथ सिंह की प्रेरणा से शुरू किए गए इस अभियान के तहत 10,000 जरूरतमंद परिवारों तक राहत सामग्री पहुंचाने की शुरुआत की। उन्होंने सुबह 10:30 बजे आईआईएम रोड स्थित महर्षि विश्वविद्यालय परिसर से वाहनों को रवाना किया।

एक बयान के अनुसार, इस अभियान के तहत घर-घर जाकर बाढ़ प्रभावित परिवारों को आवश्यक खाद्य सामग्री दी जा रही है। इसमें कहा गया है कि अक्षय पात्र फाउंडेशन और महर्षि विश्वविद्यालय के सहयोग से तैयार इन किटों में आटा, चावल, दाल, खाना पकाने का तेल, नमक, चीनी, मसाले, आलू और प्याज शामिल हैं। बयान के मुताबिक, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, राजनाथ सिंह और स्थानीय विधायक नीरज बोरा के बीच हुई बैठक के बाद फैजुल्लागंज में बाढ़ की समस्या के स्थायी समाधान के लिए 300 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है।

इनमें बाढ़ पंपिंग स्टेशन और तटबंध का निर्माण शामिल है। इन परियोजनाओं का काम जल्द शुरू किया जाएगा। बयान में कहा गया है कि राजनाथ सिंह स्थिति पर लगातार नजर रख रहे हैं और राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा के लिए मुख्यमंत्री, जिला प्रशासन तथा अधिकारियों के साथ समन्वय कर रहे हैं।

उन्होंने 10 अक्टूबर को वीडियो कॉल के जरिए बाढ़ प्रभावित परिवारों से बातचीत की थी और अधिकारियों को समय पर मदद सुनिश्चित करने के निर्देश दिए थे। उन्होंने कहा कि जिन इलाकों में जलभराव के कारण पहुंचना मुश्किल था, वहां नावों के जरिए राहत सामग्री पहुंचाई गई।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़