बिहार में बंपर वोटिंग पर बोले PM मोदी, जंगलराज के नेताओं को लगा 65 वोल्ट का झटका

PM Modi
ANI
अंकित सिंह । Nov 8 2025 12:04PM

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सीतामढ़ी में बिहार चुनाव के पहले चरण की बंपर वोटिंग को 'जंगलराज' नेताओं के लिए 65 वोल्ट का झटका बताया। उन्होंने राजद पर बिहार में 'कट्टा सरकार' और 'रंगदार' संस्कृति को बढ़ावा देने का आरोप लगाते हुए एनडीए को विकास और सुशासन का एकमात्र विकल्प बताया।

बिहार चुनाव को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सीतामढ़ी में एक चुनावी रैली को संबोधित किया। इस दौरान मोदी ने कहा कि पहले चरण के मतदान में बिहार ने कमाल कर दिया है। पहले चरण में जंगलराज वालों को 65 वोल्ट का झटका लगा है। चारों तरफ ये चर्चा है कि बिहार के नौजवानों ने विकास को चुना है, NDA को चुना है। बिहार की बहनों-बेटियों ने भी NDA की रिकॉर्ड विजय पक्की कर दी है। उन्होंने कहा कि हम आज सीतामढ़ी में जो माहौल देख रहे हैं, वो दिल को छूने वाला है। ये माहौल भी इस बात का संदेश दे रहा है कि - नहीं चाहिए कट्टा सरकार, फिर एक बार NDA सरकार।

इसे भी पढ़ें: PM Modi Rally In Sitamarhi | हम लैपटॉप दे रहे, वे रिवॉल्वर बांट रहे: PM मोदी का RJD पर तंज, बोले 'नहीं चाहिए कट्टा सरकार'

प्रधानमंत्री ने कहा कि मां सीता की इस पुण्य भूमि पर मैं आया हूं, ये भी बड़ा सौभाग्य है। मुझे 5-6 साल पहले का आज का ही दिन याद आता है। वो तारीख थी 8 नवंबर, 2019, जब माता सीता की इस धरती पर मैं आया था। और यहां से अगले दिन मुझे पंजाब में करतारपुर साहिब कॉरिडोर के लोकार्पण के लिए निकलना था और अगले ही दिन सुप्रीम कोर्ट में अयोध्या पर फैसला भी आना था। मैं मन ही मन प्रार्थना कर रहा था कि सीता मैया के आशीर्वाद से फैसला रामलला के पक्ष में ही आए। और जब सीता माता की धरती से प्रार्थना की जाए, वो कभी विफल जाती है क्या? ऐसा ही हुआ, सुप्रीम कोर्ट ने रामलला के पक्ष में ही फैसला दिया।

मोदी ने कहा कि आज मां सीता की इस पुण्य भूमि पर आया हूं, आपका आशीर्वाद ले रहा हूं, तो इतने उत्साह से भरे लोगों के बीच वो दिन याद आना स्वाभाविक है। मां सीता के आशीर्वाद से ही बिहार विकसित बिहार बनेगा। ये चुनाव तय करेगा कि आने वाले सालों में बिहार के बच्चों का भविष्य क्या होगा, आपकी संतानों का भविष्य क्या होगा। इसलिए ये चुनाव बहुत अहम है। विपक्ष पर वार करते हुए उन्होंने कहा कि RJD वाले बिहार के बच्चों के लिए क्या करना चाहते हैं, ये इनके नेताओं के चुनाव प्रचार में साफ-साफ दिखता है। आप जरा इन जंगलराज वालों के गाने और इनके नारे सुन लीजिए। आप कांप जाएंगे कि ये क्या सोचते हैं, क्या बोलते हैं। RJD के मंचों पर मासूम बच्चों से कहलवाया जा रहा है कि उन्हें रंगदार बनना है।

नरेंद्र मोदी ने सवाल करते हुए कहा कि बिहार का बच्चा रंगदार बनना चाहिए या डॉक्टर बनना चाहिए? बिहार का बच्चा अब रंगदार नहीं, बल्कि इंजीनियर, डॉक्टर, एडवोकेट और अदालत में जज बनेगा। उन्होंने कहा कि जंगलराज का मतलब है - कट्टा, क्रूरता, कटुता, कु:संस्कार, करप्शन। ये कु:संस्कार से भरे हुए लोग हैं, कुशासन का राज चाहते हैं। उन्होंने कहा कि भारत रत्न जननायक कर्पूरी ठाकुर जी, भोला पासवान शास्त्री जी जैसे महान नेताओं ने बिहार को सामाजिक न्याय और विकास का विश्वास दिया था। लेकिन, जैसे ही बिहार में जंगलराज आया, बिहार में बर्बादी का दौर शुरू हो गया। RJD वालों ने बिहार में विकास का पूरा माहौल ही खत्म कर दिया।

अपना हमला जारी रखते हुए मोदी ने कहा कि ये RJD और कांग्रेस वाले उद्योगों की ABCD भी नहीं जानते। ये उद्योगों में सिर्फ ताले लगाना जानते हैं। 15 वर्ष में एक भी बड़ा कारखाना बिहार में नहीं लगा। यहीं मिथिला में जो मिलें और फैक्ट्रियां थी, वो भी बंद हो गई। 15 वर्ष के जंगलराज में कोई भी बड़ा अस्पताल और मेडिकल कॉलेज बिहार में नहीं बना। इसलिए, जंगलराज वालों के मुंह से विकास की बातें सिर्फ और सिर्फ सफेद झूठ है। उन्होंने कहा कि नीतीश जी के नेतृत्व में NDA सरकार ने बिहार का टूटा हुआ भरोसा लौटाया है। अब निवेशक बिहार आने के लिए उत्सुक हैं। यहां अच्छी सड़कें बन रही हैं, रेल और हवाई कनेक्टिविटी बेहतर हो गई है। बिजली के नए-नए कारखाने बन रहे हैं, यहां जो रीगा चीनी मिल है, वो फिर से शुरू हो गई है। आने वाले समय में बिहार में ऐसी मिलें और फैक्ट्रियां बनाने का काम और मजबूती के साथ आगे बढ़ेगा।

इसे भी पढ़ें: विपक्ष का गुब्बारा फूटा, PM Modi बोले- बिहार को नरेंद्र-नीतीश के विकास पर पूरा भरोसा

मोदी ने लोगों से कहा कि मैं आपको भरोसा दिलाता हूं कि बिहार में फिर से NDA सरकार बनते ही हम विकास की इस गति को और मजबूती देंगे और आप लोगों के कल्याण का अधिक काम करेंगे। हमारी सरकार यहां विकास भी कर रही है और विरासत को भी सम्मान दे रही है। हम इस क्षेत्र को रामायण सर्किट से जोड़ रहे हैं। सीतामढ़ी से अयोध्या के लिए सीधी रेल सेवा भी इसी प्लान का हिस्सा है। आपके दामाद जी तो खुद प्रभु श्रीराम हैं। अयोध्या में सीतामढ़ी के दामाद जी का भव्य मंदिर बन गया है। अब माता के मायके की बारी है। पुनौरा धाम की भव्यता अब पूरी दुनिया देखेगी।

All the updates here:

अन्य न्यूज़