PM Modi ने Handloom Day पर हथकरघा उत्पाद खरीदने की अपील की, बुनकरों की मदद का दिया संदेश

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रीय हथकरघा दिवस की पूर्व संध्या पर इंस्टाग्राम के जरिये देशवासियों से स्थानीय बुनकरों और छोटे व्यापारियों के हथकरघा उत्पाद खरीदने का आह्वान किया है। उन्होंने लोगों से 'गेट रेडी विद मी' जैसे छोटे वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा करने का आग्रह किया ताकि भारतीय हथकरघा की विविधता पूरी दुनिया के सामने आ सके। पीएम ने 7 अगस्त 1905 के स्वदेशी आंदोलन का स्मरण कराते हुए इस दिवस को धूमधाम से मनाने और देश को आत्मनिर्भर बनाने में सहयोग देने की बात कही।
नयी दिल्ली, छह अगस्त प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बृहस्पतिवार को लोगों से अपील की कि वे हथकरघा उत्पाद खरीदें और इनकी ओर दुनिया का ध्यान खींचने के लिए वीडियो बनाएं। ‘हथकरघा दिवस’ की पूर्व संध्या पर, मोदी ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक वीडियो संदेश साझा किया, जिसमें उन्होंने कहा कि इस दिन को मनाने से देश के बुनकरों और छोटे व्यापारियों को मदद मिलेगी। प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘कल सात अगस्त है, जब हम राष्ट्रीय हथकरघा दिवस मनाते हैं।
आइए, भारत के हथकरघा की विविधता को लोकप्रिय बनाएं। अपने पसंदीदा हथकरघा उत्पादों के वीडियो बनाएं, जिनमें ‘गेट रेडी विद मी’ (मेरे साथ तैयार हों) जैसे वीडियो भी शामिल हैं, और उन्हें सोशल मीडिया पर साझा करें।’’ उन्होंने लोगों को याद दिलाया कि सात अगस्त, 1905 को अंग्रेजों के खिलाफ स्वदेशी आंदोलन शुरू हुआ था, जिससे देश के सभी लोग एकजुट हुए थे। मोदी ने कहा, ‘‘अभी पिछले सप्ताह ही आप सभी ने ‘फ्रेंडशिप डे’ मनाया था।
मेरा आपसे अनुरोध है कि सात अगस्त को हथकरघा दिवस को भी धूमधाम से मनाएं।’’ दुनिया भर के लोगों का ध्यान हथकरघा उत्पादों की ओर खींचने के लिए सभी से छोटे वीडियो बनाने और उन्हें ऑनलाइन साझा करने का आग्रह करते हुए मोदी ने कहा कि इसका मकसद भारत को आत्मनिर्भर बनाना और बुनकरों व छोटे उद्यमों की आर्थिक रूप से मदद करना है। उन्होंने कहा, ‘‘आइए, हथकरघा उत्पाद खरीदें और बुनकरों व छोटे व्यापारियों की मदद के लिए वीडियो बनाएं।
अन्य न्यूज़














