PM Narendra Modi ने मध्य प्रदेश समेत छह राज्यों के स्थापना दिवस पर दी बधाई

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, हरियाणा, कर्नाटक, तमिलनाडु और केरलम के स्थापना दिवस पर नागरिकों को शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने सभी राज्यों के निवासियों की शांति, समृद्धि और सतत प्रगति की कामना करते हुए उनके विकास में योगदान की सराहना की।

(फाइल फोटो के साथ) नयी दिल्ली, एक नवंबर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, हरियाणा, कर्नाटक, तमिलनाडु और केरलम के स्थापना दिवस पर इन राज्यों के लोगों को शुभकामनाएं दीं और वहां के सभी निवासियों की शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। मोदी ने यह भी उम्मीद जताई कि आने वाले साल इन छह राज्यों के लोगों के लिए नए अवसर, अधिक समृद्धि और निरंतर प्रगति लेकर आएंगे। उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘मध्य प्रदेश के सभी भाई-बहनों को राज्य के स्थापना दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं!

हमारा यह प्रदेश गौरवशाली विरासत, समृद्ध संस्कृति और अद्भुत प्राकृतिक सौंदर्य की भूमि है। यहां के विश्वविख्यात धरोहर स्थल इसकी ऐतिहासिक पहचान को और भव्य बनाते हैं।’’ प्रधानमंत्री ने कहा कि मध्य प्रदेश के लोगों ने अपनी प्रतिभा और उद्यमशीलता से हर क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि कृषि, उद्योग, पर्यटन, शिक्षा और बुनियादी ढांचा से लेकर नवाचार तक मध्य प्रदेश नित-नयी उपलब्धियां हासिल कर रहा है।

उन्होंने कहा, ‘‘अपने सर्वांगीण विकास के साथ आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में भी यह अहम भूमिका निभा रहा है। मेरी कामना है कि यह विशेष अवसर राज्य के मेरे परिवारजनों के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि लेकर आए।’’ छत्तीसगढ़ के लोगों को दिए अपने संदेश में मोदी ने कहा कि आज यह देखकर खुशी होती है कि नक्सलवाद की जड़ें खत्म करते हुए हमारा यह राज्य विकास के पथ पर और तेज रफ्तार से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा, ‘‘छत्तीसगढ़ के सभी निवासियों को राज्य के स्थापना दिवस की अनेकानेक शुभकामनाएं!’’ प्रधानमंत्री ने कहा कि यह प्रदेश अपनी जनजातीय संस्कृति, प्राकृतिक संपदा और अनूठी लोक परंपराओं के लिए प्रख्यात है।

राज्य की पुरातात्विक धरोहरें इसकी विशेष पहचान रही हैं। उन्होंने कहा कि यहां की लोक-संस्कृति से परिपूर्ण परिवेश में एक अद्भुत अपनापन है, जो हर किसी को अपनी ओर आकर्षित करता है। मोदी ने कहा कि मुझे विश्वास है कि मेरे प्रतिभाशाली और परिश्रमी परिवारजनों की भागीदारी से यह प्रदेश राष्ट्र की समृद्धि में बढ़-चढ़कर योगदान देता रहेगा।

उन्होंने कहा, ‘‘यह विशेष अवसर छत्तीसगढ़ के सभी निवासियों के लिए कल्याणकारी हो, यही कामना है!’’ हरियाणा के लोगों को शुभकामनाएं देते हुए मोदी ने कहा कि गौरवशाली इतिहास, अद्भुत पराक्रम और समृद्ध संस्कृति से सुसज्जित हमारा यह प्रदेश देश की शान है। उन्होंने कहा कि यहां की लोक परंपराओं और जीवंत ग्रामीण संस्कृति ने राष्ट्र की सांस्कृतिक धरोहर को हमेशा समृद्ध किया है। उन्होंने कहा, ‘‘हरियाणा दिवस की राज्य के मेरे सभी परिवारजनों को बहुत-बहुत बधाई और शुभकामनाएं!’’ मोदी ने कहा कि हरियाणा के लोगों ने अपने परिश्रम और समर्पण से कृषि, खेल और रक्षा सेवाओं से लेकर उद्योग, शिक्षा और स्टार्टअप तक अपनी प्रतिभा और संकल्प का लोहा मनवाया है।

उन्होंने कहा, ‘‘यहां के खिलाड़ी तिरंगे का मान बढ़ा रहे हैं, तो अन्नदाता देश की खाद्य सुरक्षा को मजबूती दे रहे हैं। मैं कामना करता हूं कि यह विशेष अवसर यहां के सभी लोगों के जीवन में खुशहाली लेकर आए।’’ कर्नाटक के लोगों को ‘कन्नड़ राज्योत्सव’ की शुभकामनाएं देते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि कर्नाटक समृद्ध परंपराओं, उल्लेखनीय उपलब्धियों और अपार संभावनाओं की भूमि है। उन्होंने कहा, ‘‘इसकी गौरवशाली विरासत और सदियों पुरानी परंपराओं ने हमारे देश के सांस्कृतिक ताने-बाने को समृद्ध किया है।’’ मोदी ने कहा कि कर्नाटक के लोगों ने अपनी कड़ी मेहनत, उद्यमशीलता और विशेष रूप से भविष्य की प्रौद्योगिकियों से जुड़े क्षेत्रों में उल्लेखनीय कौशल के दम पर अपनी अलग पहचान बनाई है।

उन्होंने कहा कि सूचना प्रौद्योगिकी, जैव प्रौद्योगिकी और एयरोस्पेस से लेकर कृत्रिम मेधा, उन्नत विनिर्माण और स्टार्टअप तक कर्नाटक के लोगों ने बार-बार अपनी दक्षता साबित की है। मोदी ने कहा, ‘‘वे दुनिया की गंभीर चुनौतियों का समाधान देने में सबसे आगे हैं। मेरी कामना है कि यह विशेष अवसर राज्य के लोगों के जीवन में खुशियां और समृद्धि लेकर आए।’’ केरलम के स्थापना दिवस पर वहां के लोगों को शुभकामनाएं देते हुए मोदी ने कहा कि यह विशेष दिन राज्य की जीवंत परंपराओं और असाधारण भावना का उत्सव है।

उन्होंने कहा, ‘‘केरलम के मेरे भाई-बहनों को केरलप्पिरवि की शुभकामनाएं।’’ प्रधानमंत्री ने कहा कि प्राकृतिक सुंदरता और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से संपन्न केरलम का देश के इतिहास में हमेशा विशेष स्थान रहा है। उन्होंने कहा कि केरलम की सबसे बड़ी ताकत वहां के लोग हैं जिनके समर्पण और उत्कृष्टता के प्रति प्रतिबद्धता की भारत से बाहर भी सराहना होती है। मोदी ने कहा कि स्वास्थ्य सेवा, शिक्षा, उद्यमशीलता, विज्ञान और कई अन्य क्षेत्रों में केरलम के लोगों की उपलब्धियों ने देश को गौरवान्वित किया है।

उन्होंने कहा, ‘‘मुझे उम्मीद है कि आने वाले वर्षों में केरलम के प्रत्येक व्यक्ति के लिए नए अवसर आएंगे और समृद्धि के साथ निरंतर प्रगति होगी।’’ प्रधानमंत्री ने तमिलनाडु दिवस पर राज्य के लोगों को भी शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा, ‘‘तमिलनाडु के मेहनती और उद्यमशील लोगों ने भारत की प्रगति में उत्कृष्ट योगदान दिया है। विनिर्माण, ऑटोमोबाइल और कपड़ा उद्योग से लेकर इलेक्ट्रॉनिक्स, अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी, स्वास्थ्य सेवा और उभरते उद्योगों तक राज्य ने नवाचार, कौशल और औद्योगिक उत्कृष्टता के दम पर अपनी अलग पहचान बनाई है।’’ उन्होंने कहा कि तमिलनाडु के लोगों को अपनी सांस्कृतिक पहचान और परंपराओं पर बहुत गर्व है।

तमिल संस्कृति ने अनगिनत तरीकों से देश की सभ्यतागत यात्रा को समृद्ध किया है। प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘मेरी कामना है कि आने वाले समय में यह अवसर तमिलनाडु के प्रत्येक व्यक्ति के जीवन में खुशियां, सफलता और नए अवसर लेकर आए।’’

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़