Mann Ki Baat में बोले PM Modi, युवाओं के सपनों के सामने नशे की लत बड़ी बाधा

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रेडियो कार्यक्रम मन की बात में युवाओं में बढ़ती नशे की लत पर चिंता व्यक्त करते हुए इसे उनके सपनों के लिए बड़ी चुनौती बताया। उन्होंने नशा मुक्त युवा अभियान और इससे उबरने वाले युवाओं के संकल्प की सराहना की। इस दौरान उन्होंने संचार साथी पोर्टल की सफलता और बिहार संग्रहालय की वैश्विक उपलब्धि का भी उल्लेख किया।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को कहा कि भारतीय युवा बड़े सपने देख रहे हैं और अपनी आकांक्षाओं को हकीकत में बदलने के लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं, लेकिन मादक पदार्थों की लत उनके सपनों के सामने एक बड़ी चुनौती बनकर उभरी है। प्रधानमंत्री ने अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ में कहा कि देश भर में मादक पदार्थों के खिलाफ लड़ाई में समाज की बढ़ती भागीदारी को देखना उत्साहजनक है। उन्होंने कहा, ‘‘आज दुनिया भर में भारत के युवाओं की प्रतिभा की चर्चा हो रही है।

हमारे युवा बड़े सपने देख रहे हैं और उन्हें सच करने के लिए पूरी ताकत से काम कर रहे हैं। लेकिन मादक पदार्थों की लत उनके सपनों के सामने एक बड़ी चुनौती बनकर उभरी है।’’ प्रधानमंत्री ने कहा कि ‘नशा मुक्त युवा अभियान’ भी पूरे जोर-शोर से जारी है। उन्होंने ऐसे युवाओं के प्रेरणादायक उदाहरण दिए, जिन्होंने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति के दम पर नशे की लत से छुटकारा पा लिया है।

मोदी ने कहा, ‘‘उन्होंने खुद से संघर्ष किया और अपने जीवन को एक नयी दिशा दी।’’ प्रसारण के दौरान, मोदी ने एक युवक से भी बात की, जिसने बताया कि कैसे उसने मादक पदार्थों की लत से छुटकारा पाया और किन कठिनाइयों का सामना किया। प्रधानमंत्री ने उससे कहा कि उसकी कहानी नशे की लत से बाहर निकलने की कोशिश कर रहे कई अन्य युवाओं को प्रेरित करेगी। उन्होंने कहा, ‘‘हमारे परिवारों और देश के लिए यह अति आवश्यक है कि हमारी युवा पीढ़ी नशीले पदार्थों से दूर रहे।’’ मोदी ने मोबाइल फोन खोने की समस्या का जिक्र करते हुए कहा कि फोन में संपर्क, तस्वीरें, जरूरी दस्तावेज और अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां होती हैं, और इनका खो जाना काफी परेशानी भरा हो सकता है।

उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा संचालित डिजिटल मंच ‘संचार साथी’ लोगों को खोए हुए फोन वापस पाने में मदद कर सकता है। प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘अब तक ‘संचार साथी’ पोर्टल का 30 करोड़ से अधिक बार इस्तेमाल हुआ है। इसके ऐप को लगभग तीन करोड़ बार डाउनलोड किया गया है।’’ उन्होंने बताया कि यह ऐप खोए हुए मोबाइल फोन की स्थिति जानने में मदद के लिए ‘इंटरनेशनल मोबाइल इक्विपमेंट आइडेंटिटी’ (आईएमईआई) नंबर का इस्तेमाल करता है।

प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘इस प्रणाली के माध्यम से, पूरे देश में 14 लाख से अधिक खोए हुए मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं और उनके मालिकों को लौटा दिए गए हैं।’’ मोदी ने भारतीय संग्रहालयों की उपलब्धियों का भी जिक्र किया और बताया कि पटना स्थित बिहार संग्रहालय ने दुनिया के 100 बेहतरीन संग्रहालयों की सूची में नौवां स्थान हासिल किया है और एशिया में पहले नंबर पर रहा है। उन्होंने कहा, ‘‘आपने शायद पेरिस के लुव्र संग्रहालय के बारे में सुना होगा। न्यूयॉर्क का मेट संग्रहालय भी दुनिया भर में बहुत मशहूर है।

इस सूची में बिहार संग्रहालय इन दोनों से भी आगे है।’’ प्रधानमंत्री ने भारतीय चॉकलेट के वैश्विक स्तर पर अपनी एक अलग पहचान बनाने के बारे में भी बात की। उन्होंने बताया कि पिछले साल चॉकलेट और कोको-आधारित उत्पादों के निर्यात में लगभग 25 प्रतिशत की वृद्धि हुई, जिसमें इस क्षेत्र के स्टार्टअप ने नवाचार को बढ़ावा दिया और स्थानीय स्तर पर उपलब्ध सामग्री का उपयोग करके नए स्वाद तैयार किए। मोदी ने कहा, ‘‘इससे हमारे किसानों, माताओं-बहनों और युवा उद्यमियों, सभी के लिए नए अवसर पैदा हो रहे हैं।’’ प्रधानमंत्री ने चॉकलेट और गुजरात के कच्छ क्षेत्र के बीच के संबंध को भी रेखांकित किया जहां ऊंट के दूध का इस्तेमाल करके चॉकलेट बनाई जाती है।

उन्होंने कहा, ‘‘अमूल चॉकलेट, केसर वाले दूध और ‘राजभोग’ आइसक्रीम बनाने के लिए स्थानीय ऊंट पालकों से प्राप्त दूध का इस्तेमाल करता है।’’ मोदी ने सूरत स्थित ‘श्मिटेन’ चॉकलेट का भी जिक्र किया और कहा कि यह ब्रांड ‘मेड इन इंडिया’ फाइन चॉकलेट ब्रांड के तौर पर वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान बना रहा है। प्रधानमंत्री ने कहा कि देश भर में शानदार चॉकलेट बुटीक भी सामने आ रहे हैं, जो भारतीय संस्कृति की झलक पेश करते हुए एक आलीशान अनुभव प्रदान करते हैं। उन्होंने देश के कई हिस्सों में सर्दियां शुरू होने के साथ लोगों से सेहत पर अधिक ध्यान देने और ‘फिट इंडिया मूवमेंट’ को आगे बढ़ाते रहने की अपील की।

मोदी ने कहा, ‘‘हमें पूरे उत्साह के साथ ‘फिट इंडिया मूवमेंट’ को आगे बढ़ाते रहना चाहिए। साथ ही, अपने खान-पान में तेल का इस्तेमाल 10 प्रतिशत तक कम करने की मेरी सलाह को भी ध्यान में रखें।’’ प्रधानमंत्री ने हाल ही में सिखों के पहले गुरु, गुरु नानक देव के प्रकाश पर्व के अवसर पर दिल्ली में आयोजित शब्द कीर्तन में अपनी भागीदारी को भी याद किया और कहा कि इस अनुभव की उन पर गहरी छाप पड़ी है। मोदी ने कहा कि सिख गुरुओं के चित्रों को देखकर उनका मन श्रद्धा से भर जाता है।

उन्होंने ऐसी कई तस्वीर बनाने वाले कलाकार शोभा सिंह का भी जिक्र किया, जिनकी 125वीं जयंती 29 नवंबर को है। उन्होंने कहा कि शोभा सिंह जी ने कुछ वर्षों तक सेना में मानचित्रकार के तौर पर भी काम किया था और इस दौरान उन्होंने बगदाद में भी अपनी सेवाएं दी थीं। प्रधानमंत्री ने कहा कि शोभा सिंह की 125वीं जयंती पर उनके सम्मान में स्मृति सिक्का जारी होने से सिख समुदाय में बहुत खुशी है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़