BRICS शिखर सम्मेलन के इतर मिले Narendra Modi और Anwar Ibrahim, व्यापार और सेमीकंडक्टर पर चर्चा

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मलेशिया के समकक्ष अनवर इब्राहिम ने ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के दौरान द्विपक्षीय सहयोग की समीक्षा की। बातचीत में सेमीकंडक्टर, रक्षा, स्वच्छ ऊर्जा और बुनियादी ढांचे के नए क्षेत्रों में रणनीतिक साझेदारी को विस्तार देने पर सहमति बनी। मलेशिया ने कोटा किनाबालु में भारतीय वाणिज्य दूतावास खोलने के प्रस्ताव पर भी सहमति व्यक्त की।
(फोटो के साथ) नयी दिल्ली, 12 सितंबर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मलेशिया के उनके समकक्ष अनवर इब्राहिम ने शनिवार को व्यापार, सेमीकंडक्टर, बुनियादी ढांचे और रक्षा जैसे क्षेत्रों में सहयोग पर केंद्रित वार्ता की। दोनों नेताओं ने ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के इतर मुलाकात की। मलेशिया ब्रिक्स समूह में भागीदार देश है।
वह आसियान समूह के भीतर भी भारत का एक प्रमुख साझेदार देश है। मोदी ने बैठक के बाद सोशल मीडिया पर कहा, ‘‘समुद्री पड़ोसी, करीबी साझेदार और हमारे लोगों के जरिये मजबूत हुई दोस्ती। प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम से मिलकर खुशी हुई।’’ उन्होंने कहा, ‘‘भारत-मलेशिया संबंध सेमीकंडक्टर, महत्वपूर्ण खनिज, स्वच्छ ऊर्जा, बुनियादी ढांचे और प्रतिभा की आवाजाही जैसे महत्वाकांक्षी नए क्षेत्रों की ओर बढ़ रहे हैं।’’ मोदी ने कहा कि बढ़ता रक्षा सहयोग, द्विपक्षीय निवेश में विस्तार और लोगों के बीच गहरे संबंध दोनों देशों के व्यापक रणनीतिक साझेदारी में नयी गति को दर्शाते हैं।
अनवर ने कहा कि उन्होंने भारत के तेजी से बढ़ते बाजार में मलेशियाई कंपनियों के लिए अवसर उपलब्ध कराने के लिए ‘‘मलेशियाई निर्यात वस्तुओं की भारतीय बाजार में पहुंच को सुगम और तेज करने’’ की जरूरत पर बल दिया। मलेशियाई प्रधानमंत्री ने कहा कि बातचीत में रणनीतिक क्षेत्रों, विशेष रूप से सेमीकंडक्टर उद्योग में सहयोग बढ़ाने के प्रयासों पर भी चर्चा हुई। उन्होंने कहा, ‘‘मलेशिया और भारत के पास एक-दूसरे की पूरक क्षमताएं हैं, जिनका उपयोग औद्योगिक सहयोग, आपूर्ति श्रृंखला के एकीकरण, प्रतिभा विकास और द्विपक्षीय निवेश के माध्यम से किया जा सकता है।’’ विदेश मंत्रालय ने कहा कि दोनों नेताओं ने फरवरी में मोदी की मलेशिया यात्रा के नतीजों की समीक्षा की और व्यापार एवं निवेश, रक्षा एवं सुरक्षा, बुनियादी ढांचे, डिजिटल अर्थव्यवस्था, ऊर्जा, फिनटेक, शिक्षा, पर्यटन तथा लोगों के बीच संबंधों जैसे क्षेत्रों में सहयोग की प्रगति का जायजा लिया।
मंत्रालय ने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री मोदी ने आसियान-भारत संबंधों को मजबूत करने में मलेशिया के निरंतर समर्थन की सराहना की। नेताओं ने आपसी हित से जुड़े प्रमुख क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान किया।’’ विदेश मंत्रालय ने कहा कि दोनों नेताओं ने भारत-मलेशिया व्यापक रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। अनवर ने सबाह के कोटा किनाबालु में भारतीय वाणिज्य दूतावास स्थापित करने के भारत के प्रस्ताव पर मलेशिया की सहमति भी जताई।
अन्य न्यूज़













