Prajatantra: जवानों की शहादत पर सियासत, चन्नी के चुनावी स्टंट वाले बयान पर विवाद, भड़की भाजपा

Channi
ANI
अंकित सिंह । May 6 2024 4:49PM

हमने हाल के दिनों में देखा है कि कैसे सेना को लेकर भी खूब राजनीति होती है। विपक्ष सवाल खड़े करता है तो सत्ता पक्ष इसे राष्ट्रीय सुरक्षा पर हमला बताती है। इस चुनावी मौसम में सेना को लेकर कुछ खास चर्चा नहीं हुई थी। लेकिन चन्नी के बयान के बाद से एक बार फिर से भारतीय सी राजनीति के केंद्र में आ गई है।

लोकसभा चुनाव को लेकर प्रचार जबरदस्त तरीके से चल रहा है। हालांकि, राजनीतिक दल लोगों को अपने पक्ष में करने के लिए तरह-तरह के दावे और वादे कर रहे हैं। इन सबके बीच पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री और जालंधर सीट से कांग्रेस के उम्मीदवार चरणजीत सिंह चन्नी ने कुछ ऐसा बयान दिया जिसके बाद भाजपा हमलावर हो गई। दरअसल, हमने हाल के दिनों में देखा है कि कैसे सेना को लेकर भी खूब राजनीति होती है। विपक्ष सवाल खड़े करता है तो सत्ता पक्ष इसे राष्ट्रीय सुरक्षा पर हमला बताती है। इस चुनावी मौसम में सेना को लेकर कुछ खास चर्चा नहीं हुई थी। लेकिन चन्नी के बयान के बाद से एक बार फिर से भारतीय सी राजनीति के केंद्र में आ गई है। 

इसे भी पढ़ें: Prajatantra: राहुल को रायबरेली से उतारने के पीछे क्या है कांग्रेस की रणनीति, Modi ने क्यों कहा- भागो मत

चन्नी ने क्या कहा?

चरणजीत सिंह चन्नी ने पुंछ आतंकी हमले को लोकसभा चुनाव में भाजपा को जीत दिलाने के लिए किया गया ‘स्टंट’ करार दिया। जम्मू-कश्मीर के पुंछ में भारतीय वायु सेना के काफिले पर हुये हमले संबंधी एक सवाल का जवाब देते हुए चन्नी ने कहा, “ये स्टंटबाज़ी हो रही है, हमले नहीं हो रहे हैं।” पंजाब के जालंधर में संवाददाताओं के एक सवाल का जवाब देते हुये पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘जब भी चुनाव नजदीक आते हैं, भाजपा को जिताने के लिए ऐसे स्टंट किए जाते हैं। इसमें कोई सच्चाई नहीं है।’’ विवाद बढ़ने पर उन्होंने सफाई देते हुए कहा कि हमें देश की सुरक्षा के लिए सशस्त्र बलों में शामिल होने वाले जवानों पर गर्व है...मैंने बयान दिया था कि पिछले संसदीय चुनाव में 40 जवानों पर हमला हुआ और उनकी जान चली गई। सरकार को आज तक यह पता नहीं चल पाया कि इस हमले को किसने अंजाम दिया और इसके लिए कौन जिम्मेदार थे। एक बार फिर चुनाव का समय आ गया है। उन्होंने कहा कि जवानों ने एक बार फिर अपनी जान गंवाई है...मैं जो कह रहा हूं वह यह है कि इसे राजनीतिक स्टंट क्यों बनाया जा रहा है और भाजपा द्वारा इसका इस्तेमाल क्यों किया जा रहा है?

भाजपा है हमलावर

केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस नेतृत्व से इस बयान से सैनिकों का अपमान करने के लिए देशवासियों से माफी मांगने को कहा। उन्होंने कहा, ‘‘वे हमारी सेना का अपमान करते हैं। वे हमारी सेना की क्षमता पर सवाल उठाते हैं।’’ उन्होंने पूछा, ‘‘क्या कांग्रेस चुनाव जीतने के लिए हमारे वीर जवानों का अपमान करेगी।’’ मनजिंदर सिंह सिरसा ने चन्नी के बयान को भयावह और सैनिकों के प्रति अपमानजनक बताया। उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस कह रही है कि उन्हें चुनाव के कारण शहीद किया गया। यह मानसिकता न केवल भयावह है बल्कि हमारे देश की सेवा करने वालों के लिए अपमानजनक भी है।’’ अजय आलोक ने कहा कि चरणजीत सिंह चन्नी अपना दिमाग खो बैठे हैं। क्या एक पूर्व मुख्यमंत्री को ऐसे घृणित बयान देना शोभा देता है? देश के जवानों पर ऐसी ओछी राजनीति केवल कांग्रेस पार्टी ही कर सकती है। यह उनकी संस्कृति है। 

इसे भी पढ़ें: Prajatantra: अमेठी-रायबरेली की उलझी तस्वीर, कांग्रेस के लिए कमजोरी बना गांधी परिवार का गढ़!

खूब होगी राजनीति

अनंतनाग-राजौरी लोकसभा क्षेत्र में मतदान से तीन सप्ताह पहले शनिवार को पुंछ जिले में आतंकवादियों ने भारतीय वायु सेना (आईएएफ) के काफिले पर घात लगाकर हमला किया, जिसमें एक सैनिक की मौत हो गई और चार घायल हो गए। इसी को लेकर कांग्रेस नेता का बयान आया था जिसे भाजपा ने मुद्दा बना लिया है। जाहिर सी बात है कि भाजपा अब राष्ट्रवाद की पिच पर बैटिंग करने की कोशिश करेगी। भाजपा यह लगातार दावा करती रही है कि नरेंद्र मोदी की सरकार आने के बाद देश अपने दुश्मनों को मुंह तोड़ जवाब दे रहा है। खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपनी सभाओं में लगातार कह रहे हैं कि पहले जब आतंकी हमले होते थे तो कांग्रेस की सरकार डोजियर भेजती थी, लेकिन अब हम सीधे घर में घुसकर डोज देते हैं। कुल मिलाकर देखें तो इस मुद्दे पर राजनीति होगी। इसे चुनाव में भुनाने की कोशिश की जाएगी। कांग्रेस भी इसमें पीछे नहीं रहेगी। इस हमले को लेकर सरकार पर निशाना साधेगी और साफ तौर पर खामियों को उजागर करने की कोशिश करेगी। कांग्रेस ने चिंता जताते हुए यह तो कह दिया कि केंद्र के सरकार ने देश की सुरक्षा के साथ समझौता किया है। 

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़