Pune में स्कूली यात्रा के वीडियो विवाद पर छात्र ने सहपाठी पर चाकू से किया हमला

महाराष्ट्र के पुणे जिले के महालुंगे गांव में शुक्रवार दोपहर एक स्कूल परिसर में नौवीं कक्षा की छात्रा पर उसके सहपाठी ने कथित तौर पर चाकू से हमला कर दिया। पुलिस के अनुसार स्कूल ट्रिप के दौरान लड़कियों के डांस का वीडियो इंस्टाग्राम पर पोस्ट करने को लेकर छात्रों के बीच विवाद हुआ था। बावधन थाना पुलिस ने आरोपी छात्र को हिरासत में ले लिया है और घायल छात्रा की हालत स्थिर बताई गई है।
महाराष्ट्र के पुणे जिले में स्कूली यात्रा के दौरान बनाए गए एक वीडियो को लेकर हुए विवाद के बाद नौवीं कक्षा के एक छात्र ने अपनी सहपाठी को कथित तौर पर चाकू मारकर घायल कर दिया। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि छात्र को हिरासत में ले लिया गया है।
यह घटना शुक्रवार अपराह्न करीब 2:15 बजे महालुंगे गांव में स्कूल परिसर में हुई। बावधन थाने के एक अधिकारी ने बताया कि घायल छात्रा को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उसकी हालत स्थिर है। पुलिस के अनुसार, स्कूल के छात्र 17 और 18 अक्टूबर को सतारा जिले के पंचगनी और महाबलेश्वर की यात्रा पर गए थे।
इस यात्रा के दौरान एक कार्यक्रम में लड़कियों के नृत्य करने का वीडियो नौवीं कक्षा में पढ़ने वाले आरोपी छात्र ने कथित तौर पर इंस्टाग्राम पर साझा किया था। पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस वीडियो को लेकर छात्रों के बीच बहस हुई, जिसके बाद लड़के ने इसे हटा दिया। पुलिस को संदेह है कि छात्र के मन में इस घटना को लेकर नाराजगी थी और इसी वजह से उसने छात्रा पर कथित तौर पर चाकू से हमला किया।
अधिकारी ने बताया कि छात्रा का बयान दर्ज कर लिया गया है और छात्र को हिरासत में ले लिया गया है।
अन्य न्यूज़













