Bharat Jodo Yatra के दिल्ली पहुँचते ही आरएसएस पर राहुल गांधी ने हमले किये तेज, भाजपा ने किया तगड़ा पलटवार

rahul gandhi bharat jodo yatra
ANI
गौतम मोरारका । Dec 24 2022 1:01PM

राहुल गांधी ने भाजपा और आरएसएस पर निशाना साधा और आरोप लगाया, "इनकी नीति डर फैलाने की है। ये चाहते हैं कि किसान युवा और सभी लोगों के दिल में डर पैदा हो क्योंकि ये लोग उसी डर को नफरत में बदलते हैं।"

सितंबर महीने में कन्याकुमारी से शुरू हुई कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा आज राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली पहुँच गयी। कांग्रेस कार्यकर्ताओं की ओर से दिल्ली के प्रवेश द्वारों पर कांग्रेस पार्टी के झंडे, बैनर बड़ी संख्या में लगाकर राहुल का भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान सड़कों के दोनों ओर कांग्रेस के झंडे के रंग वाले गुब्बारे भी लगा कर पूरे क्षेत्र को सजाया गया था। अपने स्वागत से खुश हुए कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने इस दौरान भाजपा और आरएसएस पर देश में डर और नफरत फैलाने का आरोप लगाते हुए कहा है कि उनकी पार्टी के लोग मोहब्बत फैला रहे हैं। 'भारत जोड़ो यात्रा' के दिल्ली में प्रवेश करने के मौके पर उन्होंने कहा, "इस यात्रा में अमीर गरीब, किसान, मजदूर, हर धर्म और भाषा के लोग शामिल हैं। इस यात्रा में आपको नफरत नहीं दिखाई देगी। यहां सभी लोगों को मोहब्बत और इज्जत दी जाती है।" उन्होंने कहा, "यह यात्रा, महंगाई, बेरोजगारी, डर और नफरत के खिलाफ है।" 

राहुल गांधी ने भाजपा और आरएसएस पर निशाना साधा और आरोप लगाया, "इनकी नीति डर फैलाने की है। ये चाहते हैं कि किसान युवा और सभी लोगों के दिल में डर पैदा हो क्योंकि ये लोग उसी डर को नफरत में बदलते हैं।" उन्होंने कहा, "आरएसएस के लोग डर फैलाते हैं और फिर उस डर को नफरत में बदलते हैं। हम कहते हैं डरो मत। हम मोहब्बत फैलाते हैं। हम एक हिंदुस्तानी को दूसरे हिंदुस्तानी से गले मिलवाते हैं।" राहुल गांधी ने कहा कि करीब तीन हजार किलोमीटर पदयात्रा करने के बाद भी उन्हें थकान नहीं है। उन्होंने कहा, "क्या आपको मेरा चेहरा देखकर लग रहा है कि मैं थका हूं? नहीं। मैं नहीं थका क्योंकि आपने मुझे अपनी शक्ति दी। हम आपके प्यार और शक्ति का उपयोग करके चलते हैं।"

इसे भी पढ़ें: नफरत के बाजार में मोहब्बत की दुकान खोलने की बात करने वाले राहुल गांधी असल में कुछ और ही कर रहे हैं

हम आपको बता दें कि राहुल गांधी की अगुवाई में ‘भारत जोड़ो यात्रा’ शनिवार सुबह दिल्ली में प्रवेश कर गयी जिससे शहर के दक्षिण-पूर्वी हिस्से में यातायात प्रभावित रहा। यातायात पुलिस ने उन मार्गों को लेकर परामर्श भी जारी किया है जहां ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के कारण यातायात अवरुद्ध होने की आशंका है। इस बीच, कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी दिल्ली में ‘भारत जोड़ो यात्रा’ में शामिल हुईं और थोड़ी दूर तक राहुल गांधी के साथ चलीं। उल्लेखनीय है कि यह दूसरी बार है जब पार्टी की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने कन्याकुमारी से सितंबर में शुरू हुई इस पदयात्रा में हिस्सा लिया है। वह इससे पहले अक्टूबर में कर्नाटक में ‘भारत जोड़ो यात्रा’ में शामिल हुई थीं। सुबह में विश्राम के लिए यात्रा के आश्रम चौक पहुंचने से पहले सोनिया गांधी ने चेहरे पर मास्क लगाकर अपने बेटे राहुल गांधी और बेटी प्रियंका गांधी वाड्रा के साथ कुछ मिनट तक चहलकदमी की।

इस बीच, केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने राहुल गांधी के बयान पर पलटवार करते हुए कहा है कि जो देश का नामोनिशान मिटाने की सोचते हों वो भारत जोड़ने की बात कैसे कर सकते हैं। उन्होंने कहा है कि जिनकी यात्रा में नफरत का बीज बोने वाले हों वो मोहब्बत की दुकान खोलने की बात ही कैसे कर सकते हैं। केंद्रीय सूचना और प्रसारण तथा खेल एवं युवा मामलों के मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि राहुल गांधी के लिए देश हित नहीं परिवार हित पहले है।

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़