Rajnath Singh ने सिंगापुर के समकक्ष से की वार्ता, सैन्य अभ्यासों का दायरा बढ़ाने पर बनी सहमति

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने फिलीपीन के सेबू में सिंगापुर के रक्षा मंत्री चान चुन सिंग के साथ द्विपक्षीय वार्ता की। बैठक में दोनों देशों की थलसेना, नौसेना और वायुसेना के संयुक्त अभ्यासों का दायरा बढ़ाने पर सहमति बनी। इसके साथ ही राजनाथ सिंह ने सिंगापुर को बेंगलुरु में होने वाले एरो इंडिया-2027 में हिस्सा लेने का न्योता दिया।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बुधवार को सिंगापुर के अपने समकक्ष के साथ एक “सार्थक” द्विपक्षीय बैठक की। इस बातचीत में अभियानगत तालमेल को बेहतर बनाने के लिए संयुक्त सैन्य अभ्यासों का दायरा बढ़ाने पर मुख्य रूप से चर्चा की गई। दोनों पक्षों ने जारी रक्षा सहयोग पर भी चर्चा की और सहयोग बढ़ाने के नए रास्ते तलाशे।

रक्षा मंत्रालय ने कहा कि सिंह ने आसियान की केंद्रीयता और एक मुक्त, खुले तथा समावेशी हिंद-प्रशांत क्षेत्र के प्रति भारत की प्रतिबद्धता को दोहराया, तथा भारत की ‘एक्ट ईस्ट पॉलिसी’ में सिंगापुर को एक अहम स्तंभ के रूप में मान्यता दी। सिंह और सिंगापुर के रक्षा मंत्री चान चुन सिंग के बीच बातचीत फिलीपीन के सेबू में, 13वीं आसियान रक्षा मंत्रियों की बैठक-प्लस (एडीएमएम-प्लस) के दौरान हुई। मंत्रालय ने बताया कि दोनों रक्षा मंत्रियों ने द्विपक्षीय रक्षा संबंधों में आई “मजबूत गति” पर गहरी संतुष्टि जताई।

इस संबंध में जारी बयान में कहा गया कि चर्चा का मुख्य केंद्र थलसेना, नौसेना और वायुसेना के बीच संयुक्त सैन्य अभ्यासों के दायरे को बढ़ाना था, जिसका उद्देश्य उनके बीच अभियानगत तालमेल और आपसी समझ को बेहतर बनाना है। रक्षा उद्योग एवं प्रौद्योगिकी सहयोग को और मजबूत करने के लिए, सिंह ने अपने सिंगापुर के समकक्ष को फरवरी में बेंगलुरु में होने वाले आगामी ‘एरो इंडिया-2027’ में भाग लेने के लिए औपचारिक रूप से आमंत्रित किया। सिंह ने सिंगापुर के रक्षा मंत्री को 2027 के लिए एडीएमएम-प्लस की अध्यक्षता संभालने पर बधाई भी दी।

मंत्रालय ने कहा, “बैठक में दोनों देशों के बीच गहरे ऐतिहासिक संबंधों और मजबूत रणनीतिक साझेदारी पर प्रकाश डाला गया, जिससे दोनों नेताओं को जारी रक्षा पहलों की समीक्षा करने और भविष्य में सहयोग के क्षेत्रों को तय करने का अवसर मिला।”

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़