गोपनीय सैन्य जानकारी साझा करने पर Tamil Nadu में पूर्व Army Captain बाबू पी गिरफ्तार

गोपनीय सैन्य जानकारी साझा करने पर Tamil Nadu में पूर्व Army Captain बाबू पी गिरफ्तार
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

तमिलनाडु के वेल्लोर में रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन की फर्जी परियोजना बताकर संपर्क करने वाली एक अज्ञात महिला को संवेदनशील सैन्य विवरण भेजने के आरोप में भारतीय सेना के पूर्व कैप्टन को पकड़ा गया है। बाबू पी नामक इस 52 वर्षीय पूर्व सैन्यकर्मी ने सेना में 28 साल तक सेवा दी थी। केंद्रीय खुफिया एजेंसियों की दो दिन की संयुक्त पूछताछ के बाद उसे वेल्लोर केंद्रीय कारागार भेज दिया गया।

तमिलनाडु के वेल्लोर में भारतीय सेना के एक सेवानिवृत्त कैप्टन को ‘व्हाट्सऐप’ पर एक अज्ञात महिला को कथित तौर पर गोपनीय सैन्य जानकारी देने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, एक सूचना के बाद गिरफ्तार किए गए 52 वर्षीय पूर्व सैन्य अधिकारी की पहचान बाबू पी के रूप में हुई है।

उसने कथित तौर पर सेना के उपकरणों से जुड़ी गोपनीय जानकारी अज्ञात महिला को दी थी। बाबू ने 2025 में ‘कैप्टन’ के पद से सेवानिवृत्त होने से पहले भारतीय सेना में 28 साल तक विभिन्न इकाइयों में सेवा दी थी। इनमें सैन्य उपकरण और तोपखाना इकाइयां भी शामिल थीं।

सेवानिवृत्ति के बाद वह जिले में कणियंबाडी के पास कीझवल्लम गांव में रह रहे थे। पुलिस ने बताया कि करीब एक साल पहले व्हाट्सऐप पर एक महिला ने उससे संपर्क किया था। उसने दावा किया था कि वह रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) की एक परियोजना पर काम कर रही है।

समय के साथ दोनों के बीच बातचीत व्यक्तिगत हो गई और वीडियो कॉल भी होने लगीं। आरोप है कि महिला ने डीआरडीओ की परियोजना के बहाने उनसे संवेदनशील सैन्य जानकारी मांगी। बाबू ने कथित तौर पर अपने पास उपलब्ध जानकारी उसे दी और उसके अनुरोध पर अतिरिक्त जानकारी जुटाने के लिए सेवारत और सेवानिवृत्त सहकर्मियों के साथ-साथ सेना के कार्यालयों से भी संपर्क किया।

पुलिस ने बताया कि महिला की पहचान और उसके ठिकाने का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। केंद्रीय खुफिया अधिकारियों ने दो दिन तक संयुक्त पूछताछ करने के बाद बाबू को स्थानीय पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस के अनुसार, बाबू के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 152 और आधिकारिक गोपनीयता अधिनियम, 1923 की धारा 3(1)(सी) तथा 5(1)(ए) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

उसे हिरासत में शनिवार को वेल्लोर केंद्रीय कारागार भेज दिया गया।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़