Saharanpur में देवबंद के पास बड़ा हादसा, कंटेनर की टक्कर से चार श्रद्धालुओं की मौत

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

सहारनपुर के देवबंद में शनिवार सुबह शाकंभरी देवी से लौट रहे श्रद्धालुओं के वाहन को कंटेनर ने पीछे से टक्कर मार दी। इस दर्दनाक सड़क हादसे में चार लोगों की जान चली गई, जबकि 12 अन्य घायल हो गए। पुलिस ने कंटेनर चालक और उसके सहायक को हिरासत में ले लिया है।

सहारनपुर में शनिवार सुबह श्रद्धालुओं को ले जा रही एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को एक कंटेनर ने टक्कर मार दी जिससे चार श्रद्धालुओं की मौत हो गई और कम से कम 12 लोग घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार हादसा देवबंद थाना क्षेत्र में एक फ्लाईओवर के पिलर संख्या 13 के पास हुआ।

सभी श्रद्धालु मां शाकंभरी देवी के दर्शन करने के बाद नवरात्र के लिए ज्योति लेकर मेरठ के सरधना स्थित अपने गांव कुशावली लौट रहे थे। पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मयंक पाठक ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि रात भर यात्रा करने के बाद शनिवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे वे देवबंद पहुंचे और चाय-नाश्ता करने के लिए रुके थे। इसी दौरान पीछे से तेज गति से आ रहे कंटेनर ने उनकी ट्रैक्टर-ट्रॉली को टक्कर मार दी।

उन्होंने बताया कि हादसे में चार श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई जिनकी पहचान अमन राणा (25), सागर (22), पंकज (25) और रमेश (55) के रूप में हुई है। पाठक ने बताया कि देवबंद थाना पुलिस ने एम्बुलेंस की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया। हादसे की सूचना मिलते ही सहारनपुर के जिलाधिकारी अरविंद चौहान और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन सिंह जिला अस्पताल पहुंचे और घायलों के समुचित उपचार तथा राहत कार्यों के निर्देश दिए।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मामले में कानूनी कार्रवाई की जा रही है। कंटेनर चालक और उसके सहायक को गिरफ्तार कर लिया गया है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़