Sangeetha ने वापस ली divorce petition, तमिलनाडु सीएम जोसेफ विजय केस का हुआ निपटारा

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय की पत्नी संगीता ने शुक्रवार को चेंगलपट्टू के निकट कुटुम्ब अदालत से अपनी तलाक की अर्जी वापस ले ली। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अदालत के समक्ष पेश होकर उन्होंने मामले को आगे न बढ़ाने की इच्छा जताई, जिसके बाद कोर्ट ने इसे स्वीकार कर लिया। अदालत ने संगीता को भविष्य में आवश्यकता पड़ने पर नए सिरे से याचिका दाखिल करने की स्वतंत्रता भी प्रदान की है।
चेन्नई, सात अगस्त तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय की पत्नी संगीता ने शुक्रवार को चेंगलपट्टू के निकट एक कुटुम्ब अदालत में तलाक के लिए दायर अपनी अर्जी वापस ले ली। तलाक याचिका पर सुनवाई के दौरान संगीता के वकील ने याचिका वापस लेने संबंधी अर्जी दाखिल की। संगीता वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अदालत के समक्ष पेश हुईं और उन्होंने मामले को आगे नहीं बढ़ाने की इच्छा व्यक्त की।
अदालत ने उनके बयान को दर्ज कर लिया और प्रतिवादी पक्ष के वकील ने याचिका वापस लेने पर कोई आपत्ति नहीं जताई। अदालत ने संगीता की याचिका को स्वीकार करते हुए मामले का निपटारा कर दिया। अदालत ने उन्हें भविष्य में जरूरत पड़ने पर नए सिरे से याचिका दाखिल करने की स्वतंत्रता भी दी।
संगीता ने पिछले वर्ष कुटुम्ब अदालत में दाखिल अपनी तलाक याचिका में अपने पति पर एक अभिनेत्री के साथ विवाहेतर संबंध होने का आरोप लगाया था। संगीता ने आरोप लगाया था कि उनके पति ने उन्हें ‘‘लगातार मानसिक प्रताड़ना, उपेक्षा और परित्याग’’ का सामना कराया। उन्होंने कहा था कि जरूरत पड़ने पर वह संबंधित अभिनेत्री को मामले में दूसरी प्रतिवादी के रूप में शामिल करेंगी।
संगीता ने तलाक याचिका में कहा था कि उनका वैवाहिक संबंध पूरी तरह से टूट चुका है और अब इसे ठीक नहीं किया जा सकता। उन्होंने विशेष विवाह अधिनियम, 1954 के तहत तलाक का अनुरोध किया था।याचिका के अनुसार, वर्ष 2021 से विजय ‘‘भावनात्मक रूप से दूर हो गए’’, याचिकाकर्ता के साथ अपमानजनक व्यवहार किया और उन्हें ‘‘इस तरह से अलग-थलग कर दिया कि उन्हें वैवाहिक घर में रहते हुए भी अलग जीवन जीने के लिए मजबूर होना पड़ा।’’ याचिका के अनुसार, संगीता और विजय के विवाह का पंजीकरण 10 जुलाई, 1998 को ब्रिटेन में हुआ था। विजय उस समय के प्रमुख अभिनेताओं में से एक थे।
इसके बाद 25 अगस्त, 1999 को चेन्नई में पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार दोनों ने विवाह किया था।
अन्य न्यूज़













