फिल्म Dhurandhar में बहुत हिंसा और प्रोपेगैंडा, Shashi Tharoor ने कहानी को बताया शानदार

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

कांग्रेस नेता शशि थरूर ने सोमवार को जारी एक वीडियो में फिल्म धुरंधर और उसके सीक्वल पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने फिल्म में अनावश्यक खून-खराबे और दुष्प्रचार की आलोचना की, लेकिन इसकी पटकथा व निर्देशन को सराहते हुए ए प्लस अंक दिए। थरूर ने अक्षय खन्ना और अर्जुन रामपाल के अभिनय की भी प्रशंसा की।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शशि थरूर ने कहा है कि फिल्म ‘धुरंधर’ में दिखाई गई ‘‘अत्यधिक और भयावह हिंसा’’ तथा ‘‘बहुत अधिक दुष्प्रचार’ इसका आलोचनात्मक पहलू है, लेकिन कथानक और फिल्म की कहानी में अप्रत्याशित मोड़ सराहनीय हैं। थरूर ने सोमवार को अपने आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर जारी एक वीडियो में ‘धुरंधर’ और इसके दूसरे भाग ‘धुरंधर: द रिवेंज’ पर अपनी प्रतिक्रिया साझा की। इस 6.20 मिनट के वीडियो में वह अपने कर्मचारियों के साथ फिल्म देखते और उस पर चर्चा करते नजर आए।

उन्होंने कहा कि फिल्म में हिंसा को जरूरत से ज्यादा दिखाया गया है। थरूर के मुताबिक, ‘‘खून-खराबे, तबाही और क्रूरता’’ वाले कई दृश्य अनावश्यक रूप से लंबे और भयावह हैं। कांग्रेस नेता ने फिल्म में ‘‘बहुत सारा दुष्प्रचार’’ होने की बात भी कही।

उन्होंने कहा कि उन्हें जानकारी मिली है कि पाकिस्तान के अलावा खाड़ी के कई देशों में भी फिल्म पर प्रतिबंध लगाया गया, क्योंकि वहां यह आशंका जताई गई कि फिल्म भारतीय और पाकिस्तानी नागरिकों के बीच अनावश्यक रूप से कटुता पैदा कर सकती है। हालांकि, थरूर ने फिल्म की कहानी और उसके उतार-चढ़ाव की प्रशंसा करते हुए कहा कि दूसरा भाग पहले से अधिक मनोरंजक है। उन्होंने कहा कि पहला भाग कई सवाल छोड़ देता है, जबकि दूसरे भाग में कहानी और अप्रत्याशित मोड़ अधिक प्रभावी ढंग से सामने आते हैं।

उन्होंने दोनों फिल्मों में खलनायक की भूमिका निभाने वाले अक्षय खन्ना और अर्जुन रामपाल के अभिनय की भी सराहना की और उन्हें ‘‘शानदार’’ तथा बेहद प्रभावशाली बताया। थरूर ने कहा कि फिल्म में राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल से प्रेरित ‘अजय सान्याल’ का किरदार पूरी तरह वास्तविकता पर आधारित नहीं माना जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी नौकरशाही व्यवस्था में एक ही व्यक्ति का इतने लंबे समय तक राष्ट्रीय सुरक्षा तंत्र के शीर्ष पर बने रहना संभव नहीं है।

उन्होंने कहा कि वह ‘धुरंधर’ को एक काल्पनिक फिल्म के रूप में देखते हैं, जो मनोरंजन के साथ कुछ संदेश देने का भी प्रयास करती है। थरूर ने फिल्म के अभिनय, निर्देशन, सेट और डिजाइन की प्रशंसा करते हुए इसे ‘‘ए प्लस’’ अंक दिए।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़