Samajwadi Party के फ्री बिजली वादे से UP पर पड़ेगा ₹47,591 करोड़ का बोझ: उपभोक्ता परिषद

Samajwadi Party के फ्री बिजली वादे से UP पर पड़ेगा ₹47,591 करोड़ का बोझ: उपभोक्ता परिषद
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

उत्तर प्रदेश राज्य विद्युत उपभोक्ता परिषद के अध्यक्ष अवधेश कुमार वर्मा ने लखनऊ में कहा कि सपा के चुनावी वादे से खजाने पर भारी वित्तीय असर पड़ेगा। उनके अनुसार 300 यूनिट मुफ्त बिजली और किसानों की सब्सिडी मिलाकर सालाना 47,591 करोड़ रुपये का खर्च आएगा। परिषद ने राजनीतिक दलों से ऐसे वादों के लिए वित्तीय संसाधन जुटाने की स्पष्ट योजना पेश करने की मांग की।

समाजवादी पार्टी (सपा) के घरेलू उपभोक्ताओं को 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली और किसानों को मुफ्त बिजली देने के वादे से उत्तर प्रदेश सरकार के खजाने पर सालाना करीब 47,591 करोड़ रुपये का बोझ पड़ सकता है। उत्तर प्रदेश राज्य विद्युत उपभोक्ता परिषद के अध्यक्ष अवधेश कुमार वर्मा ने यह बात कही। वर्ष 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए सपा के घोषणापत्र पर प्रतिक्रिया देते हुए वर्मा ने कहा कि ऐसे वादों के वित्तीय प्रभाव का आकलन उपभोक्ताओं को मिलने वाली राहत के साथ-साथ किया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि वित्त वर्ष 2026-27 के आंकड़ों के आधार पर की गई गणना के मुताबिक, घरेलू उपभोक्ताओं को 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली देने से सालाना करीब 34,746 करोड़ रुपये के राजस्व का नुकसान होगा। किसानों के निजी नलकूप कनेक्शनों पर दी जा रही 12,845 करोड़ रुपये की मौजूदा सब्सिडी को जोड़ने पर कुल वित्तीय बोझ करीब 47,591 करोड़ रुपये हो जाएगा। वर्मा ने कहा कि राज्य सरकार वित्त वर्ष 2026-27 में घरेलू उपभोक्ताओं और किसानों को राहत देने के लिए पहले से ही करीब 20,400 करोड़ रुपये की सब्सिडी दे रही है।

उन्होंने बताया कि राज्य में करीब 3.37 करोड़ घरेलू बिजली उपभोक्ता हैं, जिनसे 39,761 करोड़ रुपये का राजस्व मिलने का अनुमान है। वहीं, 300 यूनिट से अधिक बिजली की खपत से करीब 5,015 करोड़ रुपये का राजस्व मिलने का अनुमान है। परिषद ने बिजली क्षेत्र के निजीकरण के खिलाफ सपा के आश्वासन और बी. आर. आंबेडकर की नीतियों के अनुरूप बिजली विभाग तथा सार्वजनिक क्षेत्र की बिजली कंपनियों को मजबूत करने के वादे का स्वागत किया।

वर्मा ने कहा कि राजनीतिक दलों को सार्वजनिक क्षेत्र की बिजली कंपनियों को मजबूत करने, उनकी वित्तीय स्थिति सुधारने और उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए स्पष्ट कार्ययोजना भी पेश करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि दलों को यह भी बताना चाहिए कि अपने घोषणापत्र के वादों को पूरा करने के लिए धन की व्यवस्था कैसे करेंगे।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़