Sukhbir Singh Badal पर Nanded गुरुद्वारे में हमला करने वाले से पूछताछ जारी, वजह अस्पष्ट

Sukhbir Singh Badal
प्रतिरूप फोटो
ANI

महाराष्ट्र के नांदेड़ स्थित गुरुद्वारे में पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल पर हुए हमले के मामले में पुलिस और केंद्रीय एजेंसियां आरोपी से पूछताछ कर रही हैं। कई घंटों की जांच के बावजूद हमलावर जसपाल सिंह से हमले का कोई ठोस कारण या आपराधिक संबंध पता नहीं चला है। पुलिस के अनुसार अस्पताल में भर्ती बादल की हालत स्थिर है और उन्हें जल्द छुट्टी दे दी जाएगी।

कई एजेंसियों द्वारा घंटों तक पूछताछ किए जाने के बाद भी पुलिस पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल पर हमले का कोई ठोस कारण नहीं पता लगा पाई है। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि यह हमला कथित तौर पर निहंग संप्रदाय के एक सदस्य ने किया था।

‘जेड प्लस’ श्रेणी की सुरक्षा प्राप्त बादल पर बृहस्पतिवार को महाराष्ट्र के नांदेड़ शहर के बाहरी इलाके में स्थित एक गुरुद्वारे के अंदर जसपाल सिंह ने ‘कृपाण’ से हमला कर दिया था। जसपाल की उम्र करीब 60 से 62 वर्ष है। इस हमले में शिरोमणि अकाली दल के प्रमुख बादल घायल हो गए और उन्हें एक निजी अस्पताल ले जाया गया जहां उनका उपचार किया जा रहा है।

इसे भी पढ़ें: Sukhbir Singh Badal पर नांदेड़ में कृपाण से हमला हुआ, शिअद ने CBI जांच की मांग की

पुलिस ने बताया कि जसपाल के पास वाणिज्य और कानून की डिग्री हैं। उसने बताया कि पुणे के रहने वाले जसपाल सिंह को पूछताछ के लिए नांदेड़ पुलिस मुख्यालय ले जाया गया। अधिकारी ने फोन पर ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘कई घंटे की पूछताछ के बावजूद पुलिस हमले का कोई ठोस कारण अब तक नहीं खोज पाई है।

इसे भी पढ़ें: अकाली दल प्रमुख Sukhbir Singh Badal पर Nanded में हमला करने वाला सेवादार गिरफ्तार

हमें आरोपी के किसी आपराधिक संबंध या इस तरह के किसी अन्य जुड़ाव का अभी तक पता नहीं चला है।’’ अधिकारी ने बताया कि आतंकवाद रोधी दस्ता (एटीएस) और खुफिया ब्यूरो (आईबी) भी स्थानीय पुलिस के साथ जांच में शामिल हो गए हैं। उन्होंने कहा, ‘‘हम आरोपी से पूछताछ कर रहे हैं और यह लंबे समय तक जारी रहेगी। पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल ठीक हैं और उन्हें अस्पताल से जल्द छुट्टी दे दी जाएगी।’’ अधिकारियों ने बताया कि सिंह के खिलाफ नांदेड़ के मुदखेड़ पुलिस थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 109(1) (हत्या का प्रयास), धारा 118(1) (खतरनाक हथियार या साधन से जानबूझकर चोट पहुंचाना) और धारा 121(2) (लोक सेवक को उसका कर्तव्य निभाने से रोकने के लिए जानबूझकर गंभीर चोट पहुंचाना) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस ने बताया कि जसपाल सिंह पिछले दो वर्ष से गुरुद्वारा माता साहिब देवन जी मुगट में सेवादार के रूप में काम कर रहा था। वह नांदेड़ में अकेला रहता है। विशेष सुरक्षा इकाई में शामिल पुलिस अधिकारी संतोष केंद्रे बादल को बचाने के दौरान घायल हो गए।

इसे भी पढ़ें: BJP नेताओं ने Sukhbir Singh Badal पर हमले की निंदा की और निष्पक्ष जांच मांगी

हमला उस समय हुआ, जब बादल सीढ़ियों से नीचे उतर रहे थे। घटना के वीडियो में बादल अस्पताल की इमारत के अंदर चलते दिखाई दिए और उनके दाहिने हाथ पर कपड़ा लिपटा हुआ था। बादल दिसंबर 2024 में स्वर्ण मंदिर के प्रवेश द्वार पर हुए जानलेवा हमले में बाल-बाल बच गए थे।

All the updates here:

अन्य न्यूज़