तमिलनाडु CM विजय ने PM Modi से Chennai Metro के तीसरे चरण को जल्द मंजूरी मांगी

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

चेन्नई में आयोजित उद्घाटन समारोह के दौरान तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने प्रधानमंत्री से मेट्रो विस्तार और अंतरराज्यीय रेल संपर्क पर ध्यान देने की अपील की। उन्होंने हवाई अड्डे से किलांबक्कम तक के मार्ग सहित होसुर-बोम्मासंद्रा मेट्रो लाइन का प्रस्ताव भी रखा। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने केंद्रीय योजनाओं के तहत लंबित 5,110 करोड़ रुपये बिना शर्त जारी करने की मांग की।

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने रविवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से चेन्नई मेट्रो रेल परियोजना के तीसरे चरण को जल्द मंजूरी देने का आग्रह किया। इस चरण के तहत हवाई अड्डा-किलांबक्कम और पूनमल्ली-सुंगुवरछत्रम जैसे क्षेत्रों तक मेट्रो संपर्क का विस्तार किया जाना है। इसके अलावा, विजय ने होसुर को कर्नाटक के बोम्मासंद्रा से जोड़ने के लिए एक अंतरराज्यीय मेट्रो लाइन बनाने का प्रस्ताव दिया और कोयंबटूर एवं मदुरै में मेट्रो रेल परियोजनाओं पर फिर से विचार करने की जरूरत भी बताई।

मोदी की मौजूदगी में यहां विभिन्न परियोजनाओं के उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने चेन्नई मेट्रो रेल परियोजना के दूसरे चरण का उद्घाटन करने और राज्य की अन्य बुनियादी ढांचा परियोजनाओं की आधारशिला रखने के लिए प्रधानमंत्री का आभार जताया। मेट्रो के दूसरे चरण में पूनमल्ली से वडपलानी तक का खंड शामिल है। विजय ने केंद्रीय बजट 2026 में घोषित उच्च गति रेल गलियारों का स्वागत करते हुए चेन्नई से कन्याकुमारी और चेन्नई से कोयंबटूर तक नये गलियारे बनाने का अनुरोध किया।

उन्होंने छह लेन के राष्ट्रीय राजमार्गों के महत्वपूर्ण खंडों के निर्माण सहित सड़क क्षेत्र की कई प्राथमिकता वाली परियोजनाओं का भी उल्लेख किया। जल संसाधनों के संबंध में विजय ने गोदावरी-कावेरी नदी जोड़ो परियोजना को राष्ट्रीय प्राथमिकता बताते हुए कहा कि राज्यों के बीच जल संसाधनों में समानता सुनिश्चित करने के लिए नदियों को जोड़ना जरूरी है। इसके अलावा, उन्होंने मद्रास उच्च न्यायालय में न्यायिक कार्यवाही के लिए तमिल को प्रमुख बनाने की दिशा में कदम उठाने का आग्रह किया।

उन्होंने एसएसए योजना के तहत केंद्र सरकार से लंबित 5,110 करोड़ रुपये की राशि बिना किसी शर्त के जारी करने का अनुरोध भी किया।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़