Cyber Crime के खिलाफ Tamil Nadu पुलिस का 48 घंटे का अभियान, 837 गिरफ्तार

तमिलनाडु पुलिस ने दो दिवसीय राज्यव्यापी अभियान के दौरान धोखाधड़ी के मामलों में शामिल 837 लोगों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर मिली 9,804 शिकायतों और 545.27 करोड़ रुपये के अवैध लेन-देन की जांच के तहत की गई। पुलिस ने अभियान के दौरान 157 नई प्राथमिकी दर्ज करने के साथ ही सैकड़ों मोबाइल फोन, सिम कार्ड और बैंक पासबुक जब्त किए हैं।
चेन्नई, नौ अगस्त तमिलनाडु पुलिस ने साइबर अपराध नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ‘म्यूल’ बैंक खाता धारकों को निशाना बनाकर चलाए गए 48 घंटे के राज्यव्यापी अभियान के दौरान 837 लोगों को गिरफ्तार किया। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि छह और सात अगस्त को चलाए गए विशेष अभियान के दौरान राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर दर्ज 9,804 शिकायतों से जुड़े लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
पुलिस के मुताबिक, इन शिकायतों में कुल 545.27 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी वाला लेनदेन शामिल था। पुलिस के एक बयान के अनुसार, गिरफ्तार किए गए लोगों का संबंध साइबर अपराध से जुड़े मामलों में दर्ज 601 मौजूदा प्राथमिकी से था। पुलिस ने ‘म्यूल’ बैंक खातों के दुरुपयोग और उनके संचालन पर रोक लगाने के लिए राज्यभर में 157 नई प्राथमिकी भी दर्ज कीं।
पुलिस ने बताया कि ‘म्यूल’ बैंक खातों का इस्तेमाल साइबर अपराधी अवैध धनराशि प्राप्त करने, उसे दूसरे खातों में अंतरित करने, परत-दर-परत घुमाने या निकालने के लिए करते हैं। पुलिस के अनुसार, कमीशन के बदले अपने बैंक खातों का विवरण साझा करने वाले लोग इस तरह के धोखाधड़ी वाले लेनदेन में साइबर अपराधियों की मदद करते हैं। पुलिस ने अभियान के दौरान 204 मोबाइल फोन, 185 सिम कार्ड, चार लैपटॉप/डेस्कटॉप, एक स्टोरेज उपकरण, बैंकों की 114 पासबुक, 29 चेकबुक, 73 एटीएम/डेबिट कार्ड, एक क्रेडिट कार्ड, दो अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और 1.02 लाख रुपये नकद जब्त किए।
जांचकर्ताओं ने जांच के लिए 155 मोबाइल नंबर और 58 बैंक खातों का विवरण भी चिन्हित किया है।
अन्य न्यूज़













