Tummadihatti Barrage विवाद सुलझाने Devendra Fadnavis से मिलेंगे Telangana CM Revanth Reddy

गोदावरी नदी पर प्रस्तावित बैराज की मंजूरी को लेकर तेलंगाना और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्रियों के बीच मुंबई में अहम वार्ता होगी। तेलंगाना सरकार पड़ोसी राज्य में जलमग्न होने की आशंकाओं को दूर कर 152 मीटर जलस्तर पर सहमति बनाना चाहती है।
हैदराबाद, 25 अक्टूहबर तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी प्रस्तावित तुम्मिडीहेट्टी बैराज को लेकर मंजूरी संबंधी मुद्दों को सुलझाने के लिए सोमवार को महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात करेंगे। एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, रेवंत रेड्डी के साथ सिंचाई मंत्री एन उत्तम कुमार रेड्डी और अधिकारी भी होंगे। यह बैठक मुंबई स्थित सह्याद्रि राजकीय अतिथिगृह में होगी।
तेलंगाना सरकार ने अंतरराज्यीय सीमा पर तुम्मिडीहेट्टी में गोदावरी नदी पर बैराज बनाने का प्रस्ताव दिया है। तेलंगाना सरकार महाराष्ट्र की सहमति मांग रही है क्योंकि प्रस्तावित बैराज के कारण पड़ोसी राज्य के कुछ क्षेत्रों के जलमग्न होने की आशंका है। रेवंत रेड्डी ने 29 सितंबर को दिल्ली में केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल से मुलाकात की थी और उनसे परियोजना से जुड़े अंतरराज्यीय मंजूरी संबंधी मुद्दों को सुलझाने के लिए महाराष्ट्र सरकार के साथ बातचीत कराने का अनुरोध किया था।
मुख्यमंत्री ने पाटिल को बताया था कि तेलंगाना ने महाराष्ट्र को एक प्रस्ताव सौंपा है। उन्होंने केंद्र से दोनों राज्यों के बीच समझौते की प्रक्रिया तेज करने का आग्रह किया था, ताकि बैराज का निर्माण 152 मीटर के पूर्ण जलाशय स्तर (एफआरएल) पर किया जा सके। बैराज की प्रस्तावित ऊंचाई को लेकर यह परियोजना अटकी हुई है।
महाराष्ट्र पहले लगभग 148 मीटर ऊंचाई पर सहमत हुआ था जबकि तेलंगाना सिंचाई का दायरा बढ़ाने के लिए 150 से 152 मीटर का जलस्तर चाहता है।
अन्य न्यूज़













