Telangana के Sangareddy में भीषण सड़क हादसा: ट्रक-ऑटो की टक्कर में 5 की मौत, 7 घायल

तेलंगाना के संगारेड्डी जिले में मंगलवार शाम एक ट्रक और ऑटो-रिक्शा के बीच हुई भीषण भिड़ंत में चालक समेत पांच लोगों की जान चली गई। इस दुर्घटना में घायल सात अन्य महिलाओं को जहीराबाद और संगारेड्डी के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जो पड़ोसी राज्य कर्नाटक की रहने वाली खेतिहर मजदूर हैं। मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी ने इस हादसे पर दुख जताते हुए अधिकारियों को घायलों के समुचित इलाज के निर्देश दिए हैं।
तेलंगाना के संगारेड्डी जिले में मंगलवार शाम हुए एक भीषण सड़क हादसे में चार महिलाओं समेत पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि सात अन्य व्यक्ति घायल हो गए। यह जानकारी पुलिस ने दी। पुलिस ने बताया कि चिरागपल्ली थाना क्षेत्र में यह हादसा उस समय हुआ, जब एक ट्रक 11 महिलाओं को ले जा रहे ऑटो-रिक्शा से टकरा गया।
पुलिस के मुताबिक, ऑटो-रिक्शा में सवार सभी महिलाएं पड़ोसी राज्य कर्नाटक के बीदर जिले की रहने वाली खेतिहर मजदूर थीं। पुलिस के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘हादसे में ऑटो-रिक्शा चालक और चार महिलाओं की मौत हो गई, जबकि सात अन्य घायल हो गईं।’’ उन्होंने बताया कि ये सभी कर्नाटक में अपने निवास स्थान लौट रही थीं। अधिकारी के अनुसार, घायलों को जहीराबाद और संगारेड्डी के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
उन्होंने बताया कि हादसों के पीछे की वजहों की जांच की जा रही है। तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी ने मौतों पर शोक व्यक्त किया। एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया कि रेड्डी ने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना जताई और अधिकारियों को घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
अन्य न्यूज़













