भारत में ऐसा ही होता है! ऑस्ट्रेलियाई हाई कमिश्नर ने ली शताब्दी की सवारी, बताया कैसा रहा अनुभव

Shatabdi
X@AusHCIndia
अंकित सिंह । Sep 10 2026 12:47PM

ऑस्ट्रेलियाई हाई कमिश्नर फिलिप ग्रीन ने शताब्दी एक्सप्रेस से दिल्ली से चंडीगढ़ की यात्रा कर आम भारतीय जीवन का अनुभव किया, जिसे उन्होंने भारत को समझने का एक शानदार तरीका बताया, ठीक वैसे ही जैसे प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज़ ने सुझाया था। इस राजनयिक यात्रा का उद्देश्य लोगों से संवाद स्थापित करना और भारत-ऑस्ट्रेलिया संबंधों को मजबूत करते हुए पंजाब व हरियाणा में नए अवसर तलाशना है।

भारत में ऑस्ट्रेलिया के हाई कमिश्नर फिलिप ग्रीन ने हाल ही में आम भारतीय जीवन का अनुभव करने के लिए ट्रेन का सफर किया। 9 सितंबर को उन्होंने अपने आधिकारिक X अकाउंट पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें उन्होंने नई दिल्ली से चंडीगढ़ तक शताब्दी एक्सप्रेस में अपनी यात्रा की झलक दिखाई। वीडियो में ग्रीन ने मई 2026 में भारत यात्रा के दौरान ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज़ की कही एक बात को याद किया, जिसमें उन्होंने कहा था कि जो कोई भी सच में भारत को समझना चाहता है, उसे ट्रेन से यात्रा करनी चाहिए।

इसे भी पढ़ें: Bengal में उप-चुनाव से पहले BJP ने बनाई 263 सदस्यीय कार्यसमिति

इसके बाद ग्रीन ने अपनी यात्रा की झलक दिखाई। उन्होंने रास्ते के नज़ारे दिखाए और बताया कि भारत में ट्रेन का सफ़र क्यों खास है। उन्होंने कहा कि ट्रेन की यात्रा अक्सर लोगों से मिलने-जुलने और रोज़मर्रा की बातचीत के ज़रिए देश के बारे में और जानने का मौका देती है। उन्होंने कहा कि यह लोगों से मिलने और बातचीत करने का एक शानदार मौका है। अक्सर हम क्रिकेट के बारे में बात करते हैं। कभी-कभी, कोई प्यारा सा भारतीय परिवार मुझे कुछ खाने को भी देता है। उन्होंने आगे कहा कि भारत में और ट्रेनों में ऐसा ही होता है।

इसे भी पढ़ें: Uttarakhand में 2027 चुनाव के लिए BJP ने कसी कमर, नितिन नवीन ने भरा कार्यकर्ताओं में जोश

ऑस्ट्रेलियाई राजदूत ने यह भी कहा कि वह पंजाब और हरियाणा में नए मौकों को तलाशने और भारत व ऑस्ट्रेलिया के बीच संबंधों को और मज़बूत करने के लिए उत्सुक हैं। यह बयान तब आया है, जब प्रधानमंत्री अल्बानीज़ ने 1991 में एक बैकपैकर के तौर पर अपनी पहली भारत यात्रा को याद किया। उस अनुभव के बारे में बात करते हुए, उन्होंने यात्रियों को सलाह दी कि अगर वे देश को गहराई से समझना चाहते हैं, तो उन्हें बस या ट्रेन से यात्रा करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि उन दिनों मैं कुछ अलग तरह से यात्रा करता था। मैं बस इतना कहना चाहता हूँ कि अगर आप भारत को समझना चाहते हैं, तो बस या ट्रेन में सफ़र करें। वहाँ के लोगों का अपनापन और गर्मजोशी को खुद अनुभव करना एक शानदार एहसास है। 

देशभर की राजनीति, ताज़ा घटनाओं और बड़ी खबरों से जुड़े रहने के लिए पढ़ें  National News in Hindi केवल प्रभासाक्षी पर।

All the updates here:

अन्य न्यूज़