Jharkhand के Ramgarh में Steel Plant के भीतर आग लगने से 3 मजदूरों की मौत

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

रामगढ़ जिले के हेलाल स्थित मां छिन्नमस्तिका इस्पात कारखाने के कैप्टिव पावर प्लांट में शुक्रवार देर रात भीषण हादसा हो गया। टरबाइन में विस्फोट के बाद लगी आग में झुलसने से तीन कर्मियों ने अस्पताल में दम तोड़ दिया, जबकि एक अन्य घायल का इलाज जारी है। हादसे के कारणों की जांच के लिए दो सदस्यीय टीम गठित की गई है।

झारखंड के रामगढ़ जिले में इस्पात के कारखाने में आग लगने से कम से कम तीन कर्मचारियों की मौत हो गई जबकि एक अन्य घायल हो गया। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि शुक्रवार की आधी रात के आसपास हेलाल स्थित इस्पात कारखाने के कैप्टिव पावर प्लांट में आग लग गई।

कैप्टिव पावर प्लांट का मतलब है किसी फैक्टरी या उद्योग द्वारा अपनी जरूरत की बिजली खुद पैदा करने के लिए लगाया गया बिजली संयंत्र। रामगढ़ के पुलिस अधीक्षक (एसपी) मुकेश कुमार लुनायत ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि हादसे में गंभीर रूप से झुलसे कम से कम चार कर्मचारियों में से तीन की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। उन्होंने कहा कि आग लगने के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।

बरकाकाना थाना प्रभारी उमाशंकर वर्मा ने बताया कि मृतकों की पहचान रांची निवासी संजीव कुमार केसरी (50), बोकारो के रहने वाले विनीत महतो (25) और गढ़वा जिले के अभिषेक पांडे (24) के रूप में हुई है। घायल तरुण राजवार का रांची रोड स्थित एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। मुख्य कारखाना निरीक्षक मनीष सिन्हा ने कहा, इस्पात कारखाने मां छिन्नमस्तिका इस्पात के कैप्टिव पावर प्लांट में आग लग गई।

जांच के लिए दो-सदस्यीय टीम को मौके पर भेजा गया है, जिसमें एक कारखाना निरीक्षक और छोटानागपुर के मुख्य उपनिरीक्षक शामिल हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना के समय कारखाने में बड़ी संख्या में मजदूर मौजूद थे। उन्होंने दावा किया कि नियंत्रण कक्ष के अत्यधिक गर्म होने के कारण टरबाइन में विस्फोट हुआ जिसके बाद संयंत्र में आग लग गई।

All the updates here:

अन्य न्यूज़