Tiger Shroff की कार पर गोलीबारी मामले में Delhi Police ने दो महिलाओं समेत चार पकड़े

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर मुंबई में हुई फायरिंग के सिलसिले में दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने चार आरोपियों को हिरासत में लिया है। पकड़े गए आरोपियों में दो महिलाएं भी शामिल हैं, जिन पर अमृतसर से हथियार लाकर मुंबई पहुंचाने का आरोप है। अदालत ने मामले की आगे की जांच और पूछताछ के लिए आरोपियों को तीन दिन की ट्रांजिट रिमांड पर मुंबई पुलिस को सौंप दिया है।

दिल्ली पुलिस के विशेष प्रकोष्ठ ने मुंबई में अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर गोलीबारी की घटना के सिलसिले में दो महिलाओं समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि पुलिस को संदेह है कि आरोपी विदेश में रह रहे एक गैंगस्टर के निर्देश पर काम कर रहे थे।

उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हरियाणा के सोनीपत जिले के रहने वाले कुणाल (21) और सुमित (19) तथा उत्तर प्रदेश निवासी राधा (23) और बबीता (23) के रूप में हुई है। अधिकारी के मुताबिक, “चारों आरोपियों को शुरुआत में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 35(1)(बी) के तहत अदालत में पेश किया गया। इसके बाद मुंबई में महाराष्ट्र पुलिस के अपराध अन्वेषण विभाग ने आरोपियों से हिरासत में पूछताछ करने और उन्हें औपचारिक रूप से गिरफ्तार करने की अनुमति मांगते हुए आवेदन दिया।” अधिकारी ने बताया कि अदालत ने याचिका स्वीकार करते हुए मुंबई पुलिस की टीम को आरोपियों की तीन दिन की ट्रांजिट रिमांड दे दी।

दिल्ली पुलिस के विशेष प्रकोष्ठ के मुताबिक, “कुणाल हाल ही में जमानत पर जेल से बाहर आया था। हरसाना गांव के एक दोस्त ने उसका परिचय पानीपत के रहने वाले 32 वर्षीय गैंगस्टर और लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के कथित सहयोगी अनिल पंडित से कराया था, जिसके इस समय अमेरिका में होने का संदेह है।” एक अधिकारी ने बताया कि कुणाल ने जल्द ही एक एन्क्रिप्टेड मैसेजिंग ऐप के जरिये पंडित से बातचीत शुरू कर दी। उन्होंने कहा, पंडित के निर्देश पर कुणाल और उसके सहयोगी सुमित ने अमृतसर से एक पिस्तौल और 20 राउंड कारतूस हासिल किए।

अधिकारी के अनुसार, करीब दो महीने पहले कुणाल की मुलाकात राधा से हुई और दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए। उन्होंने बताया कि इसके बाद कुणाल ने अपनी गतिविधियों का खुलासा राधा के सामने किया और उसे हथियार लेकर मुंबई जाने के लिए मनाया। अधिकारी के मुताबिक, 15 अक्टूबर को कुणाल ने राधा और उसकी सहयोगी बबीता को कथित तौर पर नयी दिल्ली रेलवे स्टेशन पर छोड़ा।

उन्होंने बताया कि पिस्तौल राधा के बैग में छिपाई गई थी और पूरी यात्रा के दौरान कुणाल एन्क्रिप्टेड मैसेजिंग ऐप के जरिये उसके संपर्क में रहा और पंडित से मिले निर्देशों को आगे पहुंचाता रहा। अधिकारी के अनुसार, दोनों महिलाएं 17 अक्टूबर को मुंबई पहुंचीं और दादर स्टेशन पर उतरने के बाद एक होटल में रुकीं। उन्होंने बताया कि पूर्वाह्न करीब 11 बजे एक नाबालिग लड़के ने उनके होटल के पास राधा से कथित तौर पर बैग ले लिया।

अधिकारी ने बताया, अगले दिन शाम करीब सात बजे टाइगर की कार पर गोलीबारी की खबर आई। पंडित ने कुणाल को सूचित किया कि शूटर मुंबई में फंसे हुए हैं और उनसे उनके भागने की व्यवस्था करने को कहा। अधिकारी के अनुसार, राधा और बबीता 18 अक्टूबर को दादर-हरिद्वार एक्सप्रेस से मुंबई से दिल्ली के लिए रवाना हुईं तथा मंगलवार को नयी दिल्ली रेलवे स्टेशन पर उन्हें पकड़ लिया गया, जबकि कुणाल और सुमित को सोनीपत से गिरफ्तार किया गया।

अधिकारी ने कहा कि कथित नेटवर्क और आरोपियों की भूमिकाओं के संबंध में आगे की जांच जारी है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़