Tiger Shroff की कार पर Mumbai में फायरिंग, FWICE ने उठाई सुरक्षा की मांग

मुंबई के जुहू इलाके में अभिनेता टाइगर श्रॉफ के वाहन पर अज्ञात हमलावरों ने गोलियां चलाईं, जिसमें उनके चालक और एक ऑटो-रिक्शा चालक घायल हो गए। इस घटना के बाद फिल्म कर्मियों के संगठन एफडब्ल्यूआईसीई ने सरकार से फिल्मी हस्तियों की सुरक्षा बढ़ाने की अपील की है। मामले में पुलिस ने तीन संदिग्धों को राजस्थान के कोटा से हिरासत में लिया है।
फिल्म कर्मियों की संस्था फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज (एफडब्ल्यूआईसीई) ने अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर हुई गोलीबारी की घटना की निंदा करते हुए सोमवार को कहा कि इस तरह की घटनाएं फिल्मी हस्तियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंताएं पैदा करती हैं। मुंबई के जुहू इलाके में रविवार शाम को हमलावरों ने टाइगर श्रॉफ की कार पर गोलियां चलाईं जिसमें 36 वर्षीय अभिनेता बाल-बाल बच गए। एक वायरल वीडियो में अज्ञात व्यक्ति अभिनेता की कार पर गोलियां चलाते दिख रहा है।
पुलिस के अनुसार, इस घटना में श्रॉफ के ड्राइवर और एक ऑटो-रिक्शा चालक घायल हो गए। एफडब्ल्यूआईसीई द्वारा जारी एक बयान में कहा गया, ‘‘हिंसा और डराने-धमकाने की ऐसी हरकतें बिल्कुल भी स्वीकार्य नहीं हैं। ये भारतीय फिल्म उद्योग से जुड़ी हस्तियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंताएं पैदा करती हैं।
यह बेहद परेशान करने वाली बात है कि फिल्म उद्योग की किसी जानी-मानी हस्ती के साथ हुई यह दूसरी ऐसी घटना है। इससे पहले मशहूर फिल्म निर्माता रोहित शेट्टी पर भी गोलीबारी हुई थी। ऐसी घटनाओं का बार-बार होना बहुत चिंताजनक है।
संबंधित अधिकारियों को इस पर तुरंत, निर्णायक और प्रभावी कार्रवाई करनी चाहिए।’’ फिल्म उद्योग से जुड़े संगठन ने कहा कि श्रॉफ से जुड़ी घटना की निष्पक्ष और समय पर जांच होनी चाहिए ‘‘ताकि इसके लिए जिम्मेदार लोगों की पहचान कर उन्हें न्याय के कटघरे में लाया जा सके’’। बयान में कहा गया, ‘‘हम महाराष्ट्र सरकार और संबंधित पुलिस अधिकारियों से अपील करते हैं कि वे बार-बार हो रहे इन हमलों को गंभीरता से लें और फिल्म उद्योग से जुड़ी सभी हस्तियों के लिए अधिक सुरक्षित माहौल सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी कदम उठाएं।’’ सोशल मीडिया पर वायरल एक पोस्ट के अनुसार लॉरेंस बिश्नोई गिरोह ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है लेकिन पुलिस ने अब तक इस पोस्ट की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं की है। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि घटना में शामिल होने के संदेह में सोमवार को तीन लोगों को राजस्थान के कोटा में मुंबई से आ रही एक ट्रेन से हिरासत में लिया गया।
अन्य न्यूज़













