TMC विधायक Kunal Ghosh ने BJP पर साधा निशाना, असंतुष्ट नेताओं पर उठाए सवाल

पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस के विधायक कुणाल घोष ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी राज्य में एक प्रबंधित विपक्ष तैयार करने का प्रयास कर रही है। अपने दावे के समर्थन में उन्होंने असंतुष्ट नेताओं द्वारा नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कोलकाता में शुभेंदु अधिकारी के साथ की गई बैठकों का जिक्र किया। घोष ने एनसीपीआई और ऋतब्रत बनर्जी गुट पर मतदाताओं को गुमराह करने का आरोप लगाते हुए कहा कि जनता उन्हें सही समय पर जवाब देगी।
कोलकाता, सात अगस्त पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी गुट के एक नेता ने तृणमूल कांग्रेस से अलग होकर बने गुटों पर निशाना साधते हुए शुक्रवार को आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पश्चिम बंगाल में ‘‘प्रबंधित विपक्ष’’ तैयार करने की कोशिश कर रही है। ममता बनर्जी समर्थक तृणमूल विधायक कुणाल घोष ने इसके समर्थन में असंतुष्ट नेताओं की नयी दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और कोलकाता में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के साथ हुई बैठकों का हवाला दिया। राष्ट्रीय राजधानी में प्रधानमंत्री मोदी द्वारा आयोजित नाश्ता बैठक में राजग के घटक दलों के 40 से अधिक सांसदों ने हिस्सा लिया, जिसके बाद कुणाल घोष ने यह आरोप लगाया।
इस बैठक में नेशनलिस्ट सिटीजंस पार्टी ऑफ इंडिया (एनसीपीआई) के सांसद भी शामिल थे। इसी दौरान, ऋतब्रत बनर्जी के नेतृत्व वाले तृणमूल गुट के 13 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने नबान्न में पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान मतदाता सूची से जुड़े विवादों के निपटारे के लिए क्षेत्रीय न्यायाधिकरण गठित करने की मांग की।
हालांकि, एनसीपीआई और ऋतब्रत बनर्जी गुट ने इन आरोपों को खारिज कर दिया। कुणाल घोष ने इन घटनाक्रमों को लेकर आरोप लगाया कि भाजपा और उसकी ‘‘बी-टीम’’ राज्य में सरकार विरोधी प्रभावी राजनीति को कमजोर करने के लिए मिलकर काम कर रही हैं। घोष ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘बी-टीम’ के गद्दार नंबर-1 प्रधानमंत्री से मिले, जबकि ‘बी-टीम’ के गद्दार नंबर-2 नबान्न में मुख्यमंत्री से मिलने गए।’’ उन्होंने दावा किया कि तृणमूल के असंतुष्ट लोकसभा सदस्यों द्वारा गठित एनसीपीआई राजनीतिक रूप से ‘‘दिशाहीन’’ संगठन है, जो कानूनी और राजनीतिक संरक्षण चाहता है।
घोष ने यह भी आरोप लगाया कि ऋतब्रत बनर्जी के नेतृत्व वाला गुट भाजपा के साथ मिलकर काम कर रहा है। उन्होंने दोनों बैठकों में शामिल नेताओं के राजनीतिक भविष्य पर टिप्पणी करते हुए दावा किया कि उनका ‘‘राजनीतिक करियर लगभग समाप्त हो चुका है’’। तृणमूल नेता ने आरोप लगाया कि वे (एनसीपीआई और ऋतब्रत) मतदाताओं को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं।
घोष ने कहा, ‘‘जब वे दोबारा जनता के बीच वोट मांगने जाएंगे, तब बंगाल की जनता उन्हें करारा जवाब देगी।
अन्य न्यूज़













