Aamir Shaukeen की माफी के बाद Tripura के पीड़ित युवक ने विवाद खत्म करने की बात कही

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

गुजरात के अहमदाबाद में नस्लीय दुर्व्यवहार का शिकार हुए त्रिपुरा के 19 वर्षीय युवक ने दिल्ली के कंटेंट क्रिएटर आमिर शौकीन को बिना शर्त माफी मांगने के बाद माफ कर दिया है। युवक का कहना है कि वह कानूनी झमेलों में नहीं पड़ना चाहता क्योंकि वह अपने परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य है। दूसरी तरफ दिल्ली में गिरफ्तार किए गए आरोपी को अदालत में पेश कर ट्रांजिट रिमांड पर लेने की तैयारी में पुलिस जुटी है।

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में कथित तौर पर नस्लीयय दुर्व्यवहार का शिकार हुए त्रिपुरा के 19 वर्षीय युवक ने बृहस्पतिवार को कहा कि उसने दिल्ली के कंटेंट क्रिएटर आमिर शौकीन द्वारा बिना शर्त माफी मांगने के बाद उसे माफ कर दिया है। एक अधिकारी ने बताया कि त्रिपुरा के युवक के साथ कथित तौर पर नस्लीय दुर्व्यवहार और अपमान करने के आरोप में शौकीन को बृहस्पतिवार शाम नयी दिल्ली में गिरफ्तार कर लिया गया। गुजरात के अहमदाबाद शहर के एक रेस्तरां में सफाई कर्मचारी के रूप में काम करने वाले युवक ने फोन पर ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो वास्तव में करीब एक महीने पहले अहमदाबाद में बनाया गया था।

संभव है कि ऐसा मजाक में किया गया हो। मुझे नहीं पता था कि कोई मेरा वीडियो बना रहा है। मुझे कुछ दिन पहले सोशल मीडिया पर वीडियो अपलोड होने के बाद ही इसके बारे में पता चला और मैं परेशान हो गया।’’ युवक ने कहा, ‘‘कंटेंट क्रिएटर ने अपने किए के लिए पहले ही बिना शर्त माफी मांग ली है और मैंने उसे माफ कर दिया है।’’ शौकीन की गिरफ्तारी के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, “मैं नहीं चाहता था कि वीडियो बनाने और उसे सोशल मीडिया पर अपलोड करने के लिए इन्फ्लुएंसर को गिरफ्तार किया जाए।

असल में, मैं कानूनी झमेलों में नहीं पड़ना चाहता। मुझे कुछ नहीं चाहिए।” उत्तरी त्रिपुरा के आनंदबाजार इलाके का रहने वाले युवक ने कहा कि उसे डर है कि अगर विवाद बढ़ा और पुलिस ने सख्त कार्रवाई की, तो मुश्किलें खड़ी हो सकती हैं। उन्होंने बताया कि वह महीने के 10,000 रुपये कमाता है, जो उनके घर पर मौजूद चार लोगों के परिवार के लिए आय का एकमात्र स्रोत है।

सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक कथित वीडियो में शौकीन त्रिपुरा के युवक के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणियां करते सुनाई दे रहा है। इस वीडियो के सामने आने के बाद पूर्वोत्तर के विभिन्न हिस्सों में व्यापक निंदा हुई। केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रीजीजू ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा कि शौकीन के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी और दिल्ली तथा त्रिपुरा पुलिस उसे ‘‘सबक सिखाएगी।’’ मंत्री ने कहा, ‘‘इस दुष्ट व्यक्ति को सजा मिलेगी।

आधिकारिक शिकायत दर्ज कराने में देरी हुई, लेकिन दिल्ली पुलिस और त्रिपुरा पुलिस उसे सबक सिखाएगी।’’ इससे पहले दिन में, टिपरा मोथा पार्टी के संस्थापक प्रद्योत किशोर माणिक्य देबबर्मा ने मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए पुलिस से शौकीन को त्रिपुरा लाने का आग्रह किया। पुलिस सूत्रों ने बताया कि त्रिपुरा पुलिस की एक टीम के देर रात दिल्ली पहुंचने की संभावना है। टीम सबसे पहले सदर बाजार पुलिस थाने जाएगी, जहां वह दिल्ली पुलिस से शौकीन की हिरासत लेगी।

इसके बाद पुलिस शौकीन को ट्रांजिट रिमांड हासिल करने के लिए दिल्ली की अदालत में पेश करेगी। त्रिपुरा स्टूडेंट्स फोरम दिल्ली ने बुधवार को संयुक्त पुलिस आयुक्त को एक शिकायत सौंपी, जिसमें उन्होंने इस वीडियो की तत्काल और निष्पक्ष जांच की मांग की है। उनका आरोप है कि वीडियो में एक सोशल मीडिया कंटेंट क्रिएटर, त्रिपुरा के एक व्यक्ति के साथ यौन उत्पीड़न, छेड़छाड़ और अपमानजनक व्यवहार करता दिख रहा है।

त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा ने भी राज्य के पुलिस महानिदेशक को निर्देश दिया है कि वे इस मामले को लेकर दिल्ली पुलिस के साथ समन्वय करें।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़