Jammu Kashmir के कुलगाम में आतंकवादी हमले में छत्तीसगढ़ के दो मजदूरों की मौत

जम्मू कश्मीर के कुलगाम जिले में एक ईंट-भट्ठे पर हुए आतंकवादी हमले में छत्तीसगढ़ के रहने वाले दो प्रवासी मजदूरों की मौत हो गई। अधिकारियों के अनुसार दक्षिण कश्मीर के केलम इलाके में शुक्रवार देर शाम हमलावरों ने इन मजदूरों को निशाना बनाया। हमले में घायल दीपक रात्रे और बोपिंदर ने इलाज के दौरान अस्पताल में दम तोड़ दिया।
श्रीनगर, एक अगस्त जम्मू कश्मीर के कुलगाम जिले में एक ईंट-भट्ठे पर हुए आतंकवादी हमले में छत्तीसगढ़ के दो मजदूरों की मौत हो गई। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों के अनुसार, हमलावरों ने शुक्रवार देर शाम दक्षिण कश्मीर के केलम इलाके में स्थित ईंट-भट्ठे पर काम कर रहे मजदूरों को निशाना बनाया।
हमले में दोनों मजदूर घायल हो गए। इनमें से एक दीपक रात्रे ने अस्पताल ले जाए जाने से पहले ही दम तोड़ दिया। अधिकारियों ने बताया कि दूसरे घायल मजदूर बोपिंदर को पहले जीएमसी अनंतनाग ले जाया गया, जहां से बाद में उसे सौरा स्थित एसकेआईएमएस अस्पताल रेफर किया गया।
इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि दोनों मजदूर 20 से 30 वर्ष की आयु के थे और छत्तीसगढ़ के रहने वाले थे। इस हमले से करीब 10 दिन पहले अनंतनाग शहर में भी आतंकवादियों ने एक पुलिस अधिकारी की कथित तौर पर गोली मारकर हत्या कर दी थी।
इससे पहले 2024 में जम्मू कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में भी दो मजदूरों की आतंकियों ने हत्या कर दी थी। सात फरवरी 2024 को पंजाब के दो मजदूरों अमृतपाल सिंह और रोहित मसीह की श्रीनगर के शहीद गंज इलाके में एक आतंकवादी ने गोली मारकर हत्या कर दी थी।
अन्य न्यूज़















