Shivpuri में दो बहनों ने चार बच्चों संग कुएं में कूदकर दी जान

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले में दो अलग-अलग घटनाओं में दो सगी बहनों और उनके चार मासूम बच्चों के शव कुएं से बरामद हुए हैं। पुलिस के अनुसार गूंगरगांव में अंजलि ने अपने छह साल के बेटे संग जान दी, वहीं कोलारस में सीता तीन बच्चों सहित कुएं में कूद गईं। दोनों मामलों में पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।

मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले में कथित आत्महत्या की दो अलग-अलग घटनाओं में दो बहनों और उनके चार बच्चों की जान चली गयी। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि इनमें से एक महिला आठ महीने की गर्भवती थी और उसकी मौत के साथ गर्भस्थ शिशु की भी जान चली गई।

पुलिस दोनों घटनाओं की अलग-अलग जांच कर रही है। बैराड़ थाना प्रभारी रवि चौहान ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि थाना क्षेत्र के गूंगरगांव में बुधवार दोपहर करीब एक बजे अंजलि रावत (35) अपने छह वर्षीय बेटे प्रशांत के साथ कुएं में कूद गई। उन्होंने बताया कि घटना के वक्त उसकी तीन बेटियां भी साथ थीं, जिनमें सबसे बड़ी बेटी मोनिका ने सूझबूझ से खुद और अपनी दोनों छोटी बहनों को बचाया और घर पहुंचकर परिजनों को घटना की जानकारी दी।

इसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे और अंजलि तथा प्रशांत को कुएं से बाहर निकाला, लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी। परिजनों के मुताबिक, अंजलि के पति धर्मवीर सिंह रावत की करीब डेढ़ महीने पहले एक सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी, जिसके बाद से वह अवसाद व मानसिक तनाव में थी। चौहान ने बताया कि अंजलि और प्रशांत के शव शिवपुरी जिला अस्पताल के शवगृह में रखवाए गए हैं, जिनका बृहस्पतिवार को एक मेडिकल टीम पोस्टमॉर्टम करेगी।

दूसरी घटना कोलारस थाना क्षेत्र की है, जहां के सेसई गांव की निवासी सीता रावत (40) बुधवार को अपने बच्चों राखी (14), प्रियंका (11) और श्लोक (6) के साथ खोंकर गांव स्थित खेत पर गई थीं। पुलिस ने बताया कि शाम करीब छह बजे तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। कोलारस थाना प्रभारी जितेंद्र चंदेलिया ने बताया कि खेत पर कुएं के पास चप्पलें मिलने और अंदर एक बच्चे का शव दिखाई देने पर पुलिस को सूचना दी गई।

उन्होंने बताया कि पुलिस मौके पर पहुंची और बुधवार रात करीब 11 बजे तक सीता तथा तीनों बच्चों के शव कुएं से निकलवा लिए गए। सीता के जेठ हाकम सिंह के मुताबिक, दोनों बहनों के बीच गहरा लगाव था और वे फोन पर घंटों बात करती थीं। परिजन सीता की घटना को अंजलि की मौत के सदमे से जोड़कर देख रहे हैं।

हालांकि, पुलिस ने कहा कि दोनों घटनाओं के कारण जांच के बाद स्पष्ट होंगे। चंदेलिया के अनुसार, सीता और बच्चों का पोस्टमॉर्टम बृहस्पतिवार को कोलारस में कराया जाना है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़