दिल्ली रेलवे स्टेशन पर मची भगदड़ की अंतिम जिम्मेदारी रेल मंत्री की है : पवन बंसल

Pawan Bansal
ANI

कांग्रेस नेता ने कहा कि महाकुंभ और छठ पूजा जैसे आयोजनों के दौरान उचित योजना के साथ पहले से व्यवस्था करनी पड़ती है। उन्होंने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘पर्याप्त और उचित व्यवस्था नहीं थी।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पवन कुमार बंसल ने रविवार को कहा कि नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर मची भगदड़ की अंतिम जिम्मेदारी रेल मंत्री की है और वह इससे बच नहीं सकते। पूर्व रेल मंत्री बंसल ने कहा कि सरकार तीर्थयात्रियों की भीड़ का अनुमान लगाने और उसके अनुसार व्यवस्था करने में पूरी तरह ‘‘विफल’’ रही है।

बंसल ने कहा कि महाकुंभ के बारे में व्यापक प्रचार के कारण बड़ी संख्या में लोग वहां पहुंच रहे हैं, लेकिन रेलवे स्टेशनों पर उस हिसाब से व्यवस्था नहीं की गई। संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार के दौरान रेल मंत्री रहे बंसल ने कहा कि नई दिल्ली देश का सबसे प्रतिष्ठित रेलवे स्टेशन है और उन्होंने आश्चर्य जताया कि महाकुंभ पर भीड़ के मद्देनजर पहले से पर्याप्त व्यवस्था क्यों नहीं की गई।

कांग्रेस नेता ने कहा कि महाकुंभ और छठ पूजा जैसे आयोजनों के दौरान उचित योजना के साथ पहले से व्यवस्था करनी पड़ती है। उन्होंने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘पर्याप्त और उचित व्यवस्था नहीं थी।

सरकार तीर्थयात्रियों की भीड़ का अनुमान लगाने में पूरी तरह विफल रही... अधिकारियों की ओर से व्यवस्थाओं की कमी के कारण यह त्रासदी हुई।’’ यह पूछे जाने पर कि क्या रेल मंत्री को इस्तीफा दे देना चाहिए, बंसल ने कहा कि जिस तरह मंत्री रेलवे में होने वाली हर चीज का श्रेय लेते हैं, उसी तरह उन्हें ‘‘कुप्रबंधन’’ की जिम्मेदारी भी लेनी चाहिए।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़