Union Minister Suresh Gopi ने Kerala में विकास कार्यों पर मुख्यमंत्री के सहयोग को सराहा

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

केंद्रीय राज्य मंत्री सुरेश गोपी ने त्रिशूर में पत्रकारों से बात करते हुए राज्य सरकार द्वारा विकास परियोजनाओं को दिए जा रहे समर्थन पर संतोष जताया। उन्होंने बताया कि स्वदेश दर्शन योजना के तहत उनकी पसंदीदा तीन परियोजनाओं को मंजूरी मिली है। साथ ही उन्होंने विकास कार्यों को राजनीति के चश्मे से न देखने की बात कही।

केंद्रीय पर्यटन राज्य मंत्री सुरेश गोपी ने बृहस्पतिवार को केरलम के मुख्यमंत्री वी.डी. सतीशन और संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) सरकार की उनके द्वारा प्रस्तावित परियोजनाओं में सहयोग के लिए सराहना की। उन्होंने कहा कि पिछली वाम मोर्चा सरकार के दौरान उन्हें ऐसा समर्थन नहीं मिला था। गोपी ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि नये गठबंधन के सत्ता में आने के बाद परियोजनाओं को लेकर रवैये में बदलाव आया है।

उन्होंने कहा, “देखिए, अब परियोजनाओं के मामले में नये गठबंधन के सत्ता में आने के बाद से मुख्यमंत्री काफी सहयोगी रहे हैं। मुख्यमंत्री से जो भी अनुरोध किया जाता है, वह तुरंत उस पर प्रतिक्रिया देते हैं।” गोपी ने कहा, “जनता के लिए सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए किसी मुख्यमंत्री को सांसद या केंद्रीय मंत्री को जो सहयोग देना चाहिए था, वह पिछले 10 वर्षों में नहीं मिला लेकिन अब मिल रहा है।” त्रिशूर से सांसद गोपी ने कहा कि स्वदेश दर्शन योजना के तहत तीन परियोजनाएं उनकी “पसंद की परियोजनाएं” थीं और केंद्रीय मंत्री बनने के बाद उन्हें मंजूरी मिली। उन्होंने कहा, “मंत्री बनने के बाद स्वदेश दर्शन 2024 के तहत जिन फाइलों पर हस्ताक्षर हुए, उनमें तीन परियोजनाएं मेरी पसंदीदा परियोजनाएं थीं।

उन्हें मंजूरी दे दी गई। शुरुआत में ये परियोजनाएं शामिल नहीं थीं। इसके लिए प्रयास किया गया और इन्हें हासिल किया गया।” यूडीएफ और भाजपा के बीच कथित गठजोड़ के एलडीएफ के आरोपों पर पूछे गए सवाल के जवाब में गोपी ने कहा कि विकास परियोजनाओं में सरकार के सहयोग को राजनीति के नजरिये से नहीं देखा जाना चाहिए।

All the updates here:

अन्य न्यूज़