UP में 68 हजार ग्राम प्रहरियों का मानदेय बढ़कर हुआ 3,500 रुपये, CM Yogi ने दी मंजूरी

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

उत्तर प्रदेश सरकार ने 68 हजार ग्राम प्रहरियों का मासिक मानदेय 2,500 रुपये से बढ़ाकर 3,500 रुपये करने का फैसला किया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इसके साथ ही उनके परिवारों को सालाना पांच लाख रुपये तक कैशलेस इलाज की सुविधा देने का ऐलान किया। बरेली में आयोजित सम्मान समारोह में उन्होंने उत्कृष्ट कार्य करने वाले 11 प्रहरियों को सम्मानित भी किया।

उत्तर प्रदेश सरकार ने मंगलवार को 68 हजार ग्राम प्रहरियों का मानदेय 2,500 रुपये से बढ़ाकर 3,500 रुपये प्रतिमाह करने को मंगलवार को मंजूरी दी दे दी। इसके अलावा उनके परिवारों के लिए सालाना पांच लाख रुपये तक के कैशलेस इलाज की सुविधा भी शुरू हो गई। यहां जारी एक बयान के मुताबिक, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ग्राम प्रहरियों (गांव के चौकीदारों) के मानदेय में एक हजार रुपये की बढ़ोतरी की मंजूरी दी है।

आदित्यनाथ ने कहा कि वर्ष 2017 में ग्राम प्रहरियों को महज 1,500 रुपये मानदेय मिलता था, जिसे वर्ष 2019 में बढ़ाकर 2,500 रुपये किया गया था। उन्होंने कहा कि अब ग्राम प्रहरियों की जिम्मेदारियों के साथ सुविधाएं भी बढ़ाई जा रही हैं। बरेली की रिजर्व पुलिस लाइन में ग्राम प्रहरी सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘वर्ष 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में पर्व-त्योहार आते ही उपद्रव शुरू हो जाते थे।

कुछ अराजक तत्वों की हरकतों का खामियाजा 25 करोड़ प्रदेशवासियों को भुगतना पड़ता था।’’ उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में ‘डबल इंजन’ सरकार ने प्रदेश के प्रति देश और दुनिया की धारणा बदल दी है। आदित्यनाथ ने कहा कि शहरों में सीसीटीवी कैमरे जिस तरह अपराधियों पर नजर रखते हैं, उसी तरह गांवों में ग्राम प्रहरियों को भी अपनी भूमिका निभानी चाहिए। मुख्यमंत्री ने ग्राम प्रहरियों ने अपील की कि वे संदिग्ध गतिविधियों, अपराध और जमीन पर कब्जा करने वालों की सूचना तत्काल पुलिस तक पहुंचाएं।

उन्होंने कहा कि थानाध्यक्ष या संबंधित क्षेत्र के उपनिरीक्षक सप्ताह में कम से कम एक दिन ग्राम प्रहरियों के साथ बैठक करें, जिससे सूचना तंत्र मजबूत होगा और छोटी घटनाओं को बड़ा विवाद बनने से रोका जा सकेगा। आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश में अब दंगे और उपद्रव नहीं होते और कानून-व्यवस्था बेहतर होने से निवेश, व्यापार व रोजगार बढ़े हैं। उन्होंने कहा कि पहले नवरात्र और अन्य पर्वों पर उपद्रव की आशंका रहती थी, लेकिन अब नवरात्र के पहले दिन से ही गांव-गांव में दुर्गा प्रतिमाएं स्थापित की जा रही हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विंध्यवासिनी धाम में पिछले दिन में सवा दो लाख से ढाई लाख श्रद्धालुओं ने दर्शन किए और मंगलवार सुबह छह बजे तक डेढ़ लाख श्रद्धालु दर्शन कर चुके थे। उन्होंने कहा कि देवीपाटन धाम में भी डेढ़ लाख से अधिक श्रद्धालु पहुंचे और सीतापुर के ललिता देवी मंदिर व सहारनपुर की शाकंभरी पीठ में भी श्रद्धालुओं की भीड़ है। आदित्यनाथ ने कहा कि यह भयमुक्त वातावरण का परिणाम है।

मुख्यमंत्री ने ग्राम प्रहरियों से वन्यजीवों के खतरे, अफवाहों और भू-माफिया की गतिविधियों की सूचना भी प्रशासन को देने को कहा। उन्होंने उत्कृष्ट कार्य करने वाले 11 ग्राम प्रहरियों को सम्मानित किया।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़