PM Narendra Modi के जन्मदिन से UP में चलेगा Seva Sankalp Abhiyan, CM Yogi ने दी जानकारी

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

उत्तर प्रदेश सरकार और भाजपा मिलकर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक राज्यभर में एक माह का सेवा संकल्प अभियान चलाएंगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ स्थित भाजपा मुख्यालय में बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक सेवा में 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में यह कार्यक्रम बूथ स्तर तक आयोजित होगा। अभियान के तहत दीप प्रज्वलन, रक्तदान शिविर और कलश यात्रा जैसे 11 प्रमुख कार्यक्रम किए जाएंगे।

(फाइल फोटो के साथ) लखनऊ, 12 सितंबर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक राज्य में एक महीने का ‘सेवा संकल्प अभियान’ आयोजित किया जाएगा। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश मुख्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में योगी ने पार्टी की उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष पंकज चौधरी की मौजूदगी में कहा कि प्रधानमंत्री के रूप में मोदी की यात्रा पूरे देशवासियों को नए भारत का दर्शन कराती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के सार्वजनिक सेवा के 25 वर्ष पूरे होने पर उनके कार्यों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने के लिए भाजपा और सरकार मिलकर सेवा कार्यक्रमों को प्रदेश, जिले से लेकर बूथ स्तर तक आगे बढ़ाएंगी।

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री की इस यात्रा में पंडित दीनदयाल उपाध्याय का ‘अंत्‍योदय’ का विचार और राष्‍ट्रपिता महात्‍मा गांधी की ‘ग्राम स्‍वराज’ की अवधारणा भी शामिल है, जो ‘आत्मनिर्भर भारत-विकसित भारत’ की संकल्पना को आगे बढ़ाते हैं। मोदी की कोई वंश परंपरा नहीं थी, उनके साथ कोई विरासत नहीं जुड़ी थी, लेकिन उनकी साधना, तप और देश के लिए कुछ कर गुजरने की चाहत का लाभ पूरे देश को मिल रहा है।’’ योगी ने एक महीने तक आयोजित किये जाने वाले ‘‘सेवा संकल्प अभियान’’ की विस्तार से जानकारी दी और कहा कि ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के तहत सरकारी योजनाओं के केंद्रों, राशन दुकानों, गैस वितरण केंद्रों, धार्मिक स्थलों और गंगा तट समेत विभिन्न स्थानों पर दीप प्रज्वलन कार्यक्रम होंगे। आदित्‍यनाथ ने इसके अलावा ‘नमो सेवा-अनकही कहानियां’, ‘सेवा : मेरा योगदान’, ‘सेवा ज्‍योति कलश यात्रा’, ‘सेवा सेतु अभियान’, ‘सेवा के संग-राष्‍ट्र के रंग’, रक्‍तदान शिविर आदि कार्यक्रमों की जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि यह अभियान हर जिले में व्यापक स्तर पर आयोजित होगा और प्रभारी मंत्री भी इसमें शामिल होंगे। मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘सात अक्टूबर 2026 को मोदी जी का गुजरात के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में कार्य करने के 25 वर्ष पूर्ण होने का दिन है। इस यशस्वी यात्रा का अभिनंदन करने के लिए राज्य सरकार और संगठन ने मिलकर यह योजना तैयार की है।’’ योगी ने कहा कि मोदी ने समग्र विकास की ऐसी कार्ययोजना तैयार की जिसका सफलतापूर्वक क्रियान्वयन हुआ।

उन्होंने कहा कि गुजरात जब भीषण सूखा, पेयजल संकट और ‘कनेक्टिविटी’ जैसी चुनौतियों से जूझ रहा था, तब मोदी ने बतौर मुख्यमंत्री 13 वर्ष के कार्यकाल में सरदार सरोवर जैसी लंबित परियोजना को पूरा कर गुजरात को देश-दुनिया के आकर्षण का केंद्र बनाया। मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री के रूप में उनकी यात्रा नए भारत का दर्शन कराती है। उन्होंने देश को ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ और ‘आत्मनिर्भर भारत-विकसित भारत’ का नया विजन दिया और इसके लिए व्यापक कार्ययोजना बनाई।

देश को विश्व स्तरीय आधारभूत ढांचा दिया।’’ उन्होंने तीन देशों द्वारा मोदी को अपने देश का सर्वोच्च सम्मान दिए जाने का जिक्र करते हुए केंद्र सरकार की योजनाओं, ‘ब्रिक्स’ सम्मेलन, जी-20 सम्मेलन समेत उनकी वैश्विक उपलब्धियों का भी उल्लेख किया। संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का संवैधानिक प्रमुख के रूप में सात अक्टूबर को 25 वर्ष पूरे हो रहे हैं। इसी उपलक्ष्य में 17 सितंबर को उनके जन्मदिन से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ आयोजित होगा।

इसमें अंत्योदय, राष्ट्र प्रथम और सुशासन की भावना के साथ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना हमारा लक्ष्य है।’’ उन्होंने कहा कि 2001 से 2014 तक 13 वर्षों तक गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में मोदी ने विकास का जो मानक तय किया, वह आज देश का मानक बन रहा है। ‘वाइब्रेंट गुजरात’ की तर्ज पर उत्तर प्रदेश में भी 2017 से निवेश का सिलसिला शुरू हुआ। केंद्रीय मंत्री ने मोदी के प्रधानमंत्री के रूप में किये गये कार्यों की भी विस्तार से जानकारी दी।

चौधरी ने धारा 370, माल एवं सेवा कर (जीएसटी) सुधार और ‘तीन तलाक’ के अंत सहित मोदी सरकार की उपलब्धियां गिनाईं और कहा कि उत्तर प्रदेश में ‘डबल इंजन’ सरकार ने योगी आदित्‍यनाथ के मुख्यमंत्री बनने के बाद 2017 से प्रदेश की पहचान बदलने का काम किया है। चौधरी ने कहा कि अभियान के तहत 11 प्रमुख कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें विद्यार्थियों, अभिभावकों, युवाओं, महिलाओं, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। अभियान के लिए टोलियां बनाई गई हैं।

All the updates here:

अन्य न्यूज़