Pushkar Singh Dhami ने उत्तराखंड जिला पुलिस में महिला कांस्टेबल के पद बढ़ाकर 2000 किए

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को जिला पुलिस में महिला कांस्टेबल के पदों की संख्या 526 से बढ़ाकर 2,000 करने की स्वीकृति दी। इस निर्णय के तहत 1,474 अतिरिक्त पदों को अन्य शाखाओं से समायोजित किया जाएगा। कार्मिक विभाग ने बिना किसी नए वित्तीय भार के इस पुनर्गठन को हरी झंडी दी है।

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को जिला पुलिस में महिला कांस्टेबल के पदों की संख्या 526 से बढ़ाकर 2,000 करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी। इस प्रस्ताव के तहत 1,474 अतिरिक्त पद अन्य संवर्गों और शाखाओं के स्वीकृत पदों से समायोजित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा पुलिस बल में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए राज्य सरकार निरंतर प्रयास कर रही है।

उन्होंने कहा, “हमारी सरकार का उद्देश्य महिला पुलिसकर्मियों को सेवा के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के साथ ही उनके भविष्य को सुरक्षित और उज्ज्वल बनाना है।” अधिकारियों ने बताया कि इस संबंध में कार्मिक विभाग ने बिना किसी अतिरिक्त वित्तीय भार और कुल स्वीकृत पदों की संख्या में वृद्धि किए बिना प्रस्ताव को मंजूरी दी है। उन्होंने बताया कि इस प्रस्ताव के तहत वर्तमान में कार्यरत 1,210 अधिसंख्य महिला आरक्षियों के समायोजन और भविष्य में उनकी पदोन्नति के अवसर सुनिश्चित करने के लिए उच्चतर पदों के पुनर्गठन का अलग प्रस्ताव उपलब्ध कराने की शर्त रखी गई है। अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री द्वारा प्रस्ताव को मंजूरी दिए जाने से जिला पुलिस में महिला कांस्टेबल के पदों की संख्या बढ़ाने का रास्ता साफ होगा और साथ ही, वर्तमान में कार्यरत अधिसंख्य महिला कांस्टेबल के समायोजन तथा उनके लिए भविष्य में पदोन्नति के अवसर सुनिश्चित करने की दिशा में भी पहल की जाएगी।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़