Vadodara में Yusuf Pathan को जमीन देने के प्रस्ताव को मंजूरी, Congress का विरोध

Vadodara में Yusuf Pathan को जमीन देने के प्रस्ताव को मंजूरी, Congress का विरोध
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

वडोदरा नगर निगम की स्थायी समिति ने पूर्व क्रिकेटर और सांसद यूसुफ पठान को 978 वर्ग मीटर जमीन आवंटित करने के प्रस्ताव पर मुहर लगा दी है। इसके तहत 500 वर्ग मीटर जमीन निशुल्क मिलेगी, जबकि शेष 478 वर्ग मीटर भूखंड 45 प्रतिशत की छूट के साथ दिया जाएगा। कांग्रेस ने इस निर्णय के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए करीब 15 करोड़ रुपये की जमीन मुफ्त देने का आरोप लगाया है।

गुजरात में वडोदरा नगर निगम की स्थायी समिति ने कांग्रेस के विरोध के बीच पूर्व क्रिकेटर यूसुफ पठान को 978 वर्ग मीटर जमीन में से 500 वर्ग मीटर मुफ्त में देने और बाकी जमीन रियायती दर पर आवंटित करने के प्रस्ताव को शुक्रवार को मंजूरी दे दी। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) शासित नगर निगम की स्थायी समिति की अध्यक्ष वर्षा व्यास ने बताया कि गुजरात सरकार की ओर से जारी अधिसूचना को मंजूरी दे दी गई है। उन्होंने बताया कि शेष 478 वर्ग मीटर जमीन वडोदरा शहरी विकास प्राधिकरण की मूल्यांकन समिति द्वारा निर्धारित दर के 55 प्रतिशत पर दी जाएगी, यानी इसमें 45 प्रतिशत की छूट मिलेगी।

प्रस्ताव को अगले महीने नगर निगम के सामान्य बोर्ड के समक्ष रखा जाएगा। पठान 2012 से वडोदरा के टांडलजा इलाके में अपने परिवार के घर के पास स्थित इस भूखंड को हासिल करने का प्रयास कर रहे हैं। वर्ष 2024 में लोकसभा चुनाव जीतने के बाद नगर निगम ने उन्हें कथित अतिक्रमण हटाने और जमीन खाली करने का नोटिस दिया था।

गुजरात उच्च न्यायालय ने भूखंड आवंटित करने के अनुरोध को खारिज करने के राज्य सरकार के फैसले को बरकरार रखा था। पठान ने बाद में अपील वापस ले ली थी। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने फैसले के विरोध में प्रदर्शन किया।

पार्टी के शहर अध्यक्ष ऋत्विज जोशी ने आरोप लगाया कि करीब 15 करोड़ रुपये मूल्य की सरकारी जमीन पठान को मुफ्त में दी जा रही है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़