Varanasi Airport पर पिस्तौल से गोली चलने से 2 कर्मी घायल, यात्री पर केस दर्ज

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

उत्तर प्रदेश के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर सुरक्षा जांच के दौरान यात्री की लाइसेंसी पिस्तौल से अचानक गोली चलने से दो कर्मचारी घायल हो गए। पुलिस ने आजमगढ़ निवासी यात्री कमलेश राय को हिरासत में लेकर फूलपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया है। नागर विमानन सुरक्षा ब्यूरो इस मामले और हवाईअड्डे पर हथियार प्रक्रिया की जांच कर रहा है।

उत्तर प्रदेश में वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे के टर्मिनल भवन में रविवार सुबह जांच के दौरान एक यात्री की लाइसेंसी पिस्तौल से कथित तौर पर गलती से गोली चल गई, जिसमें एक महिला कर्मचारी और एक अन्य व्यक्ति घायल हो गए। नागर विमानन मंत्रालय ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि मामले में संबंधित यात्री के खिलाफ फूलपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है।

मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि नागर विमानन सुरक्षा ब्यूरो (बीसीएएस) घटना से जुड़ी परिस्थितियों की जांच कर रहा है। इसमें हवाईअड्डों पर लाइसेंसी हथियार ले जाने के लिए निर्धारित प्रक्रियाओं के पालन की भी जांच की जा रही है। मंत्रालय ने कहा कि जांच के नतीजों के आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी।

मंत्रालय के अनुसार, दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, स्थानीय पुलिस को तुरंत सूचना दी गई और यात्री को जांच के लिए हिरासत में लिया गया है। घटना के तुरंत बाद स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया और हवाईअड्डे पर परिचालन बिना किसी बाधा के जारी रहा। पुलिस के अनुसार, आजमगढ़ निवासी कमलेश राय अपनी पत्नी के साथ मुंबई जाने वाली एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान से यात्रा करने के लिए हवाईअड्डे पहुंचे थे।

उनके पास लाइसेंसी पिस्तौल थी। पुलिस ने बताया कि जांच के दौरान पिस्तौल और उसमें मौजूद कारतूसों की गिनती की जा रही थी, तभी अचानक गोली चल गई। गोली लगने से जांच कर रही महिला कर्मचारी के पैर में चोट लगी, जबकि पास खड़ा एक अन्य व्यक्ति भी घायल हो गया।

दोनों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना की सूचना मिलने पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने बताया कि मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

इस बीच, वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे (बाबतपुर) के निदेशक पुनीत गुप्ता ने एक बयान में कहा, ‘‘आज, 16 अगस्त 2026 को सुबह लगभग साढ़े नौ बजे, उड़ान आईएक्स-1810 से अपनी पत्नी के साथ मुंबई जा रहे एक यात्री ने विमान में ले जाने के लिए एक हथियार की जानकारी दी।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हथियार की जांच के दौरान गलती से एक गोली चल गई, जिससे एएआई कार्गो लॉजिस्टिक एंड अलाइड सर्विसेज कंपनी लिमिटेड के दो कर्मचारी घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए न्यू लक्ष्मी ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया। स्थानीय पुलिस को सूचित कर दिया गया है और जांच जारी है।’’ गोमती जोन के पुलिस उपायुक्त के अनुसार, यात्री की पहचान आजमगढ़ जिले के निवासी कमलेश राय के रूप में हुई है।

घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस उपायुक्त (गोमती जोन), सहायक पुलिस आयुक्त (पिंडरा) समेत वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और अन्य पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। पुलिस सूत्रों ने बताया कि गोली पहले फर्श से टकराई और फिर पास में मौजूद महिला कर्मचारी सुमन कुमारी के पैर में लगी, जबकि गोली के छर्रे रोहित नामक कर्मचारी के हाथ में लगे। पुलिस के अनुसार, कमलेश राय के खिलाफ फूलपुर थाने में मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 125(ए) और 125(बी) के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पिस्तौल के चैंबर में एक कारतूस मौजूद था, जो कथित तौर पर ट्रिगर दबने से चल गया। गोली चेकिंग ड्यूटी पर तैनात सहायक सुमन कुमारी के पैर और पास खड़े रोहित राज के अंगूठे में लगी।

All the updates here:

अन्य न्यूज़