आय से अधिक संपत्ति मामल में विजिलेंस ने पूर्व मंत्री गायत्री प्रसाद प्रजापति के खिलाफ दर्ज की FIR

 Gayatri Prasad Prajapati
समाजवादी पार्टी की सरकार में खनन मंत्री रहे प्रजापति के खिलाफ विजिलेंस के लखनऊ सेक्‍टर में मुकदमा दर्ज किया गया है। सूत्रों के मुताबिक विजिलेंस ने इस मामले की पहले खुली जांच की थी जिसमें प्रजापति के पास आय से छह गुना अधिक संपत्ति पाई गई थी।

लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री गायत्री प्रसाद प्रजापति पर सतर्कता अधिष्‍ठान (विजिलेंस) ने बृहस्‍पतिवार को आय से अधिक संपत्ति के मामले में मुकदमा दर्ज किया है। विजिलेंस ने शुक्रवार को इसकी पुष्टि की और अब इस मामले की विवेचना की जाएगी। समाजवादी पार्टी की सरकार में खनन मंत्री रहे प्रजापति के खिलाफ विजिलेंस के लखनऊ सेक्‍टर में मुकदमा दर्ज किया गया है। सूत्रों के मुताबिक विजिलेंस ने इस मामले की पहले खुली जांच की थी जिसमें प्रजापति के पास आय से छह गुना अधिक संपत्ति पाई गई थी। 

इसे भी पढ़ें: आत्मविश्वास और आत्मावलोकन ही नई शिक्षा नीति का लक्ष्य: नरेन्द्र मोदी

इसके बाद विजिलेंस ने शासन को रिपोर्ट भेजकर प्रजापति के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की अनुमति मांगी थी। अनुमति मिलने के बाद बृहस्‍पतिवार को उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। दुष्‍कर्म के एक मामले में पहले से ही आरोपित गायत्री प्रसाद प्रजापति को लखनऊ पुलिस ने वर्ष 2017 में गिरफ़्तार कर जेल भेजा था और वह अभी भी जेल में बंद हैं। प्रजापति के खिलाफ गाजीपुर और गोमतीनगर विस्‍तार थाने में जालसाज़ी समेत कई अन्‍य मुकदमे भी दर्ज हैं।

Disclaimer:प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


अन्य न्यूज़