Lok Sabha Election Fifth Phase Voting । दो ‘हाई प्रोफाइल’ समेत 49 लोकसभा सीट पर वोटिंग जारी, दांव पर लगी इन दिग्गजों की प्रतिष्ठा

Lok Sabha Election Fifth Phase Voting
ANI
एकता । May 20 2024 7:00AM

पांचवें चरण में महाराष्ट्र की 13, उत्तर प्रदेश की 14, पश्चिम बंगाल की सात, बिहार की पांच, झारखंड की तीन, ओडिशा की पांच और जम्मू-कश्मीर तथा लद्दाख की एक-एक सीट पर मतदान हो रहा।

छह राज्यों और दो केंद्र शासित प्रदेशों की 49 लोकसभा सीट पर 20 मई को पांचवें चरण के चुनाव के लिए मतदान हो रहा है। इस चरण में दो ‘हाई प्रोफाइल’ सीट रायबरेली और अमेठी में भी मतदान हो रहा है, जहां से कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी मैदान में हैं। जम्मू-कश्मीर के बारामूला में 22 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। इस सीट से पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला भी चुनाव लड़ रहे हैं।

पांचवें चरण में महाराष्ट्र की 13, उत्तर प्रदेश की 14, पश्चिम बंगाल की सात, बिहार की पांच, झारखंड की तीन, ओडिशा की पांच और जम्मू-कश्मीर तथा लद्दाख की एक-एक सीट पर मतदान हो रहा। लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण में अन्य प्रमुख उम्मीदवारों में कई केंद्रीय मंत्री शामिल हैं जिनमें राजनाथ सिंह (लखनऊ, उत्तर प्रदेश), पीयूष गोयल (मुंबई उत्तर, महाराष्ट्र), साध्वी निरंजन ज्योति (फतेहपुर, उप्र) और शांतनु ठाकुर (बनगांव, पश्चिम बंगाल), लोजपा (रामविलास) के नेता चिराग पासवान (हाजीपुर, बिहार), शिवसेना के श्रीकांत शिंदे (कल्याण, महाराष्ट्र) और भाजपा के राजीव प्रताप रूडी तथा राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद की बेटी रोहिणी आचार्य (दोनों सारण, बिहार) शामिल हैं।

इसे भी पढ़ें: Congress ने 70 साल तक Article 370 को बरकरार रखा, Uttar Pradesh में अमित शाह ने विपक्ष पर साधा निशाना

केरल के वायनाड से चुनाव लड़ने वाले राहुल गांधी, नेहरू-गांधी परिवार के गढ़ रायबरेली से भी चुनाव लड़ रहे हैं, जिसका प्रतिनिधित्व उनकी मां सोनिया गांधी 2004 से कर रही थीं। भाजपा ने उत्तर प्रदेश के मंत्री दिनेश प्रताप सिंह को इस सीट से मैदान में उतारा है। अमेठी में केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी चुनाव मैदान में हैं, जबकि गांधी परिवार के करीबी केएल शर्मा को कांग्रेस ने चुनाव मैदान में उतारा है। वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में अमेठी में ईरानी ने राहुल गांधी को हराया था। लखनऊ से रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की चौथे कार्यकाल पर नजर हैं। उनका मुकाबला सपा के मौजूदा विधायक (लखनऊ मध्य से) रविदास मेहरोत्रा से है। उत्तर प्रदेश में इस चरण में 14 लोकसभा निर्वाचन क्षेत्रों मोहनलालगंज (आरक्षित), लखनऊ, रायबरेली, अमेठी, जालौन (आरक्षित), झांसी, हमीरपुर, बांदा, फतेहपुर, कौशाम्बी (आरक्षित), बाराबंकी (आरक्षित), फैजाबाद, कैसरगंज, गोंडा में मतदान हो रहा है।

पांचवें चरण में अन्य प्रमुख उम्मीदवारों में केंद्रीय मंत्री कौशल किशोर-मोहनलालगंज, केंद्रीय मंत्री भानु प्रताप सिंह वर्मा-जालौन, केंद्रीय मंत्री साध्‍वी निरंजन ज्‍योति और सांसद लल्लू सिंह-फैजाबाद लोकसभा सीट से चुनावी मुकाबले में हैं। बिहार की पांच लोकसभा सीट सारण, मुजफ्फरपुर, हाजीपुर, सीतामढ़ी और मधुबनी में भी मतदान है, जिसमें 80 उम्मीदवारों की चुनावी किस्मत का फैसला होगा। हाजीपुर से चिराग पासवान चुनाव लड़ रहे हैं, वहीं बाकी दो सीट पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार मैदान में हैं। सारण में पूर्व केंद्रीय मंत्री राजीव प्रताप रूडी का मुकाबला राष्ट्रीय जनता दल (राजद) अध्यक्ष लालू प्रसाद की बेटी रोहिणी आचार्य से है।

इस चरण में 2.46 करोड़ नागरिक 264 उम्मीदवारों की चुनावी किस्मत का फैसला करने के लिए मतदान करने के पात्र हैं। केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा नेता पीयूष गोयल (मुंबई उत्तर), भारती पवार (डिंडोरी) और कपिल पाटिल (भिवंडी), शिवसेना के श्रीकांत शिंदे (कल्याण), और मुंबई कांग्रेस प्रमुख वर्षा गायकवाड़ और भाजपा उम्मीदवार एवं वकील उज्ज्वल निकम (मुंबई उत्तर मध्य सीट) इस दौर में प्रमुख उम्मीदवारों में से हैं। इनके अलावा धुले, नासिक, ठाणे, पालघर, मुंबई उत्तर पश्चिम, मुंबई उत्तर पूर्व, मुंबई दक्षिण मध्य और मुंबई दक्षिण में भी है। पश्चिम बंगाल की बनगांव, बैरकपुर, हावड़ा, उलुबेरिया, सेरामपुर, हुगली और आरामबाग लोकसभा सीट पर मतदान होगा। बैरकपुर में भाजपा उम्मीदवार अर्जुन सिंह का मुकाबला तृणमूल कांग्रेस के पार्थ भौमिक और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के देबदूत घोष से है।

लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण में चतरा से 22, कोडरमा से 15 और हजारीबाग निर्वाचन क्षेत्र से 17 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में भाजपा ने इन तीनों सीट पर जीत दर्ज की थी। ओडिशा की पांच लोकसभा सीट और 35 विधानसभा क्षेत्रों के लिए भी प्रचार अभियान समाप्त हो गया। राज्य में एक साथ हो रहे लोकसभा और विधानसभा चुनाव के दूसरे दौर में प्रमुख उम्मीदवारों में बीजद अध्यक्ष एवं मुख्यमंत्री नवीन पटनायक और राज्य सरकार में उनके सहयोगी बिक्रम अरुखा, निरंजन पुजारी, पीके अमात, तुकुनी साहू, रीता साहू और एसपी नायक शामिल हैं। कुल मिलाकर 40 उम्मीदवार अस्का, कंधमाल, बोलांगीर, बारगढ़ और सुंदरगढ़ लोकसभा सीट से चुनाव लड़ रहे हैं जबकि 35 विधानसभा क्षेत्रों के लिए 265 उम्मीदवार मैदान में हैं। छठे और सातवें चरण का मतदान क्रमश: 25 मई और एक जून को होगा। मतगणना चार जून को होगी।

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़