Women Reservation Bill: Sonia Gandhi को निशिकांत दुबे का जवाब, जो गोल मारता है, क्रेडिट उसी को मिलता है

Nishikant Dubey
ANI
अंकित सिंह । Sep 20 2023 12:32PM

भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने महिला आरक्षण विधेयक पर कांग्रेस पर ताजा हमला बोला है। उन्होंने सोनिया गांधी पर सिर्फ श्रेय लेने पर ध्यान देने का भी आरोप लगाया।

लोकसभा में आज महिला आरक्षण विधेयक पर गहन चर्चा जारी है। नए संसद भवन में प्रवेश करने के बाद विशेष सत्र के दूसरे दिन लोकसभा में ऐतिहासिक बिल पेश किया गया। महिला आरक्षण बिल पर चर्चा की शुरूआत में केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने कहा कि  यह विधेयक महिलाओं की गरिमा के साथ-साथ अवसरों की समानता को भी बढ़ाएगा। महिलाओं को प्रतिनिधित्व मिलेगा। इसके चार महत्वपूर्ण खंड हैं। इसके बाद लोकसभा में कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी ने अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि यह मेरी जिंदगी का मार्मिक क्षण है, पहली बार स्थानीय निकायों में स्त्री की भागीदारी तय करने वाला संविधान संशोधन मेरे जीवन साथी राजीव गांधी ही लेकर आए थे। उन्होंने इसका श्रेय लेने की भी कोशिश की। 

इसे भी पढ़ें: Women Quota Bill पर Sonia Gandhi का जोरदार भाषण, OBC, SC, ST महिलाओं के लिए विधेयक में आरक्षण की माँग की

इसी के बाद भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने महिला आरक्षण विधेयक पर कांग्रेस पर ताजा हमला बोला है। उन्होंने सोनिया गांधी पर सिर्फ श्रेय लेने पर ध्यान देने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा, "कांग्रेस बिल तो लाई थी लेकिन इसे लागू करने का उसका कोई इरादा नहीं था। यह बिल बीजेपी और मोदी जी का है। इस बिल को पेश करना एक ऐतिहासिक फैसला है। सोनिया गांधी महिला आरक्षण बिल पर राजनीति कर रही हैं।" उन्होंने साफ तौर पर कहा कि जो गोल मारता है, क्रेडिट उसी को मिलेगा। जब निशिकांत दुबे खड़े हुए तो विपक्ष के सदस्यों ने किसी महिला सांसद के नहीं बोलने पर आपत्ति जताई, जिस पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि ‘‘महिलाओं के बारे में भाइयों को भी आगे बढ़कर सोचना चाहिए’’। 

इसे भी पढ़ें: Parliament Special Session | सोनिया गांधी ने कहा- महिला आरक्षण विधेयक पारित कराना राजीव गांधी का सपना था

समझा जाता है कि विपक्ष महिलाओं को अधिकार देने से जुड़े विधेयक पर चर्चा में सत्ता पक्ष के प्रथम वक्ता के रूप में किसी महिला सदस्य को मौका नहीं दिये जाने पर आपत्ति जता रहे थे। गृह मंत्री शाह ने इस पर कहा कि महिलाओं के बारे में चिंता करने का अधिकार सभी को है। उन्होंने सदन में कांग्रेस के नेता अधीर रंजन चौधरी का नाम लेते हुए कहा, ‘‘क्या महिलाओं की चिंता केवल महिलाएं ही करेंगी। पुरुष उनकी चिंता नहीं कर सकते हैं। आप किस प्रकार के समाज की रचना चाहते हैं।’’ उन्होंने कहा कि महिलाओं की चिंता, महिलाओं का हित, महिलाओं के बारे में आगे बढ़कर भाइयों को सोचना चाहिए और यही इस देश की परंपरा है। दुबे ने कहा, ‘‘कांग्रेस या उसके समर्थक दल किस तरह लोकतंत्र का गला घोंटते हैं, मैं इसका उदाहरण हूं।’’ उन्होंने कहा कि महिलाओं के कारण ही यहां पुरुष भी हैं।

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़