बिहार के कटिहार में बड़ा एक्शन! पाकिस्तानी आतंकी नेटवर्क से संबंध के संदेह में युवक गिरफ्तार, संवेदनशील जानकारियां भेजने का आरोप

बिहार के कटिहार जिले के कोढ़ा थाना क्षेत्र से पाकिस्तान स्थित आतंकी नेटवर्क से कथित संबंध होने के संदेह में एक युवक को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि युवक की पहचान कटिहार जिले के मुसापुर गांव निवासी 22 वर्षीय मोहम्मद अहद के रूप में हुई है।
बिहार के कटिहार जिले से सुरक्षा एजेंसियों और स्थानीय पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। कोढ़ा थाना क्षेत्र के मुसापुर गांव से पुलिस ने पाकिस्तानी आतंकी नेटवर्क से कथित संबंध होने के संदेह में 22 वर्षीय एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधिकारियों ने सोमवार को इस कार्रवाई की आधिकारिक पुष्टि की। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए युवक की पहचान कटिहार जिले के मुसापुर गांव के निवासी मोहम्मद अहद (22 वर्ष) के रूप में हुई है। सुरक्षा बलों को उसके बारे में एक विशिष्ट और खुफिया इनपुट मिला था, जिसके आधार पर पहले उसे हिरासत में लिया गया। प्रारंभिक पूछताछ और साक्ष्यों की जांच के बाद सोमवार को उसे औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया गया।
इसे भी पढ़ें: एस्सेल समूह के चेयरमैन सुभाष चंद्रा के पिता नंद किशोर गोयनका का 96 वर्ष की आयु में निधन
पुलिस अधीक्षक परिचय कुमार ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘विशिष्ट सूचना के आधार पर सुरक्षा बलों ने कोढ़ा थाना क्षेत्र के मुसापुर गांव निवासी मोहम्मद अहद को पाकिस्तान स्थित आतंकी नेटवर्क से कथित संबंध होने के संदेह में हिरासत में लिया था। प्रारंभिक पूछताछ के बाद उसे सोमवार को औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया गया।’’ उन्होंने बताया कि जांच तथा आरोपी के मोबाइल फोन और सोशल मीडिया खातों के तकनीकी विश्लेषण में पता चला कि वह ‘इंस्टाग्राम’ और ‘व्हॉट्सऐप’ के माध्यम से पाकिस्तान स्थित गैंगस्टर राणा हसीन उर्फ राणा हसीन के लगातार संपर्क में था।
पुलिस के अनुसार, राणा हसीन का संबंध पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी के आतंकी नेटवर्क से बताया जाता है। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने राष्ट्रविरोधी गतिविधियों से जुड़े संदेशों का आदान-प्रदान किया, फोन कॉल किए, संवेदनशील स्थानों से संबंधित सूचनाएं साझा कीं और आतंकवादी गतिविधियों से जुड़ी सामग्री का भी आदान-प्रदान किया।
इसे भी पढ़ें: बांग्लादेश की मंत्री का बड़ा बयान, यदि पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना लौटीं तो उन्हें जेल जाना होगा
पुलिस के एक अन्य अधिकारी ने कहा, ‘‘संदिग्ध से जुड़े अन्य व्यक्तियों के मोबाइल फोन की भी जांच की गई, लेकिन उनमें कोई संदिग्ध गतिविधि नहीं मिली। आरोपी का मोबाइल फोन जब्त कर लिया गया है। इस संवेदनशील मामले में केवल स्थानीय पुलिस ही नहीं, बल्कि देश की अन्य केंद्रीय सुरक्षा और खुफिया एजेंसियां भी कटिहार पहुंचकर आरोपी मोहम्मद अहद से लगातार पूछताछ कर रही हैं, ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस नेटवर्क के तार बिहार या देश के अन्य किन हिस्सों से जुड़े हैं।
अन्य न्यूज़














