बल्ब के आविष्कारक एडिसन के नाम 1000 से भी अधिक पेटेंट

[email protected] । Feb 9 2017 11:13AM

एडिसन के अंदर वैज्ञानिक तथा उद्यमी क्षमतायें थीं। उन्होंने बचपन में तमाम किस्म की चीजों का व्यापार किया था और अपने जीवन काल में उन्होंने करीब 14 कंपनियां स्थापित की थीं।

विज्ञान के क्षेत्र में थामस अल्वा एडिसन एक ऐसा नाम है जिन्हें न केवल आविष्कारक के तौर पर बल्कि एक उद्यमी के रूप में भी जाना जाता है। उनके नाम एक हजार से भी अधिक पेटेंट हैं। प्रकाश बल्ब का आविष्कार करके घर−घर में रोशनी पहुंचाने वाले एडिसन के नाम 1093 अमेरिकी पेटेंट थे। इसके अलावा ब्रिटेन, फ्रांस तथा जर्मनी में भी उनके नाम कई पेटेंट थे। इसलिए इतिहास में उन्हें सबसे सफल आविष्कारकों के तौर पर पहचान मिली।

एडिसन के अंदर वैज्ञानिक तथा उद्यमी क्षमतायें थीं। उन्होंने बचपन में तमाम किस्म की चीजों का व्यापार किया था और अपने जीवन काल में उन्होंने करीब 14 कंपनियां स्थापित की थीं। इनमें से जनरल इलैक्ट्रीक (जीई) आज भी सफलतापूर्वक अपना संचालन कर रही है। जीई की अधिकृत साइट जीई डाट काम ने अपने शुरुआती कर्ताधर्ताओं के बारे में विवरण देते हुए एडिसन के बारे में लिखा है कि थामस एडिसन एक कुशाग्र वैज्ञानिक थे। लेकिन उनकी उद्यमी क्षमता के बारे में लोग कम ही जानते हैं। उन्होंने आज की जीई कंपनी की आधारशिला रखी थी।

11 फरवरी 1847 को जन्मे थामस एडिसन ने 1880 में विद्युत वितरण प्रणाली का भी पेटेंट कराया था जो प्रकाश बल्ब के उनके आविष्कार को आम लोगों के लिए फलीभूत करने के लिहाज से काफी जरूरी था। उन्होंने विद्युत ऊर्जा की अवधारणा को घरों और कारखानों तक पहुंचाया था। कॅरियर की शुरुआत में बतौर एक टेलीग्राफ आपरेटर काम करने वाले एडिसन की रूचि संचार के क्षेत्र में काफी थी और उन्होंने फोनोग्राफ सहित अनेक संचार उपकरणों का आविष्कार किया था। बचपन में एडिसन इतने जिज्ञासु प्रवृत्ति के थे कि शिक्षक उनके सवाल−जवाब से खुद को उलझन में महसूस करते थे। एडिसन की मां ने उन्हें बचपन में काफी प्रायोगिक चीजें सिखाईं जिससे एडिसन की रूचि विज्ञान की ओर बढ़ती चली गई। 19 वर्ष की आयु में उन्होंने एसोसिएटेड प्रेस के ब्यूरो में न्यूज वार्यस के साथ काम किया था। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों से रात की पाली में काम करने का अनुरोध किया ताकि उन्हें और अधिक पढ़ने और प्रयोग करने का मौका मिल सके।

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़