दोस्तों के मैसेज का जवाब देने का भी मन नहीं करता? कहीं आप Friendship Fatigue के शिकार तो नहीं

दोस्तों से बात करने या मिलने का मन न होना फ्रेंडशिप फटीग हो सकता है। यह रोजमर्रा की जिम्मेदारियों और लगातार मेलजोल से होने वाली मानसिक थकान है, जिसका मतलब दोस्ती खत्म करना नहीं होता। इससे बचने के लिए खुद को समय दें, अपनी सीमाएं समझें और दोस्तों से खुलकर अपनी स्थिति साझा करें।
क्या कभी ऐसा हुआ है कि दोस्त का फोन आने पर उसे उठाने का मन न करे? मैसेज देखने के बाद भी जवाब देने का मन न हो या दोस्तों के साथ घूमने का प्लान बार-बार टालने लगें? अगर आपके साथ भी ऐसा होता है, तो इसकी एक वजह 'फ्रेंडशिप फटीग' हो सकती है। दोस्तों से कम बात करना या उनसे कुछ दूरी बनाना हमेशा इस बात का संकेत नहीं होता कि आप उन्हें पसंद नहीं करते। कई बार रोजमर्रा की भागदौड़, जिम्मेदारियों और लगातार सामाजिक मेलजोल की वजह से भी मानसिक थकान होने लगती है। ऐसे में आइए जानते हैं क्या है फ्रेंडशिप फटीग, इसके लक्षण कैसे पहचानें और इससे बचने के लिए क्या कर सकते हैं।
क्या है फ्रेंडशिप फटीग?
फ्रेंडशिप फटीग ऐसी स्थिति है, जिसमें दोस्तों से मिलने, फोन पर बात करने, मैसेज का जवाब देने या किसी सामाजिक कार्यक्रम में शामिल होने का मन नहीं करता। इन सब चीजों के बारे में सोचकर ही थकान महसूस होने लगती है। यह शारीरिक नहीं, बल्कि मानसिक थकान होती है। इसका मतलब यह नहीं है कि आप अपने दोस्तों से प्यार नहीं करते या दोस्ती खत्म करना चाहते हैं। दरअसल, रोजमर्रा की जिम्मेदारियों और काम के दबाव के बीच मानसिक ऊर्जा कम हो सकती है। ऐसे में दोस्तों के लिए समय निकालना और उनसे बातचीत करना भी मुश्किल लगने लगता है।
इसे भी पढ़ें: पार्टनर का प्यार भी नहीं दे पा रहा सुकून? रिश्ते में शायद कम है ये जरूरी चीज
फ्रेंडशिप फटीग के क्या हैं लक्षण?
इसके कुछ सामान्य लक्षण हैं, जिनसे आप समझ सकते हैं कि कहीं आप भी इस स्थिति का सामना तो नहीं कर रहे हैं।
दोस्तों के फोन और मैसेज से होने लगती है झुंझलाहट: दोस्त का फोन या मैसेज आने पर खुशी होने के बजाय चिढ़ महसूस होती है। मन में बार-बार यही आता है कि अभी बात नहीं करनी।
मिलने के प्लान बार-बार टालना: दोस्तों के साथ घूमने या मिलने का प्लान बनाने के बाद उसे रद्द करने का मन करता है। कई बार मिलने से बचने के लिए बहाने भी ढूंढ़ने लगते हैं।
बातचीत करने की इच्छा कम होना: दोस्तों के मैसेज का जवाब देने या फोन पर लंबी बातचीत करने का मन नहीं करता। कई बार मैसेज देखने के बाद भी जवाब देने की इच्छा नहीं होती।
दूरी बनाने के बाद गिल्ट महसूस होना: दोस्तों से बात नहीं करने या उनके साथ समय नहीं बिता पाने के कारण मन में अपराधबोध होने लगता है। एक तरफ अकेले रहने का मन करता है, तो दूसरी तरफ दोस्ती को लेकर चिंता भी होती है।
इसे भी पढ़ें: अपनों से दूरी और त्योहारों की उदासी, अकेलेपन से निपटने के लिए अपनाएं ये तरीके
फ्रेंडशिप फटीग से कैसे बचें?
अगर आपको भी दोस्तों से बातचीत करने में मानसिक थकान महसूस होती है, तो अपनी जरूरतों और मानसिक स्थिति को समझना जरूरी है। कुछ आसान तरीके इसमें मदद कर सकते हैं।
अपनी सीमाएं समझें: हर व्यक्ति की सामाजिक मेलजोल की एक सीमा होती है। इसलिए खुद पर दोस्तों से मिलने या हर समय बातचीत करने का दबाव न डालें। अपनी सुविधा के हिसाब से समय तय करें।
हर कार्यक्रम में शामिल होना जरूरी नहीं: अगर आप थके हुए हैं या किसी पार्टी में जाने का मन नहीं है, तो दोस्त को प्यार से मना कर सकते हैं। सच्चे दोस्त आपकी स्थिति समझेंगे। हर बार हां कहना जरूरी नहीं है।
सोशल मीडिया से थोड़ी दूरी बनाएं: हर मैसेज का तुरंत जवाब देना जरूरी नहीं है। कुछ समय के लिए सोशल मीडिया से दूरी बनाएं और खुद को आराम दें। इससे लगातार आने वाले संदेशों का दबाव कम हो सकता है।
खुद के लिए समय निकालें: काम और दूसरी जिम्मेदारियों के बीच अपने आराम और पसंद की गतिविधियों के लिए भी समय निकालें। अपनी पसंद का काम करें और खुद को थोड़ा समय दें।
दोस्तों से खुलकर बात करें: अगर आप कुछ समय अकेले बिताना चाहते हैं, तो दोस्तों को इसके बारे में बता दें। उन्हें समझाएं कि आपकी दूरी का मतलब दोस्ती खत्म करना नहीं है। इससे गलतफहमियां दूर रहेंगी और दोस्ती पर भी बेवजह दबाव नहीं पड़ेगा।
अन्य न्यूज़













