न्यूजीलैंड के खिलाफ Yashasvi Jaiswal की अनदेखी पर भड़के R Ashwin

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड द्वारा न्यूजीलैंड दौरे के लिए चुनी गई एकदिवसीय टीम में यशस्वी जायसवाल को शामिल नहीं किया गया है। पूर्व स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने चयन पर सवाल उठाते हुए कहा कि नियमित मौके न मिलने से इस युवा बल्लेबाज का मनोबल गिर सकता है। उन्होंने प्रबंधन से शुभमन गिल की गैरमौजूदगी में जायसवाल को अवसर देने की वकालत की।

भारत के पूर्व क्रिकेटर रविचंद्रन अश्विन ने यशस्वी जायसवाल को न्यूजीलैंड के खिलाफ आगामी वनडे श्रृंखला के लिए टीम से बाहर किए जाने पर सवाल उठाते हुए कहा कि इससे इस सलामी बल्लेबाज के आत्मविश्वास पर असर पड़ता है। भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने शुक्रवार को न्यूजीलैंड दौरे के लिए भारत की वनडे और टेस्ट टीम की घोषणा की। जायसवाल को वनडे टीम में नहीं चुना गया जो अश्विन को नागवार गुजरा।

अश्विन ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, ‘‘अगर शुभमन गिल आखिरी दो वनडे नहीं खेल रहे हैं, तो निश्चित रूप से उनकी जगह यशस्वी जायसवाल को चुना जाना चाहिए था। यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है क्योंकि इससे उनका आत्मविश्वास टूट सकता है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘मैं शुभमन गिल और केएल राहुल की स्थिति को समझ सकता हूं। लेकिन यशस्वी जायसवाल को तो खेलने का बिल्कुल भी मौका नहीं मिल रहा है।

मुझे लग रहा है कि इससे उसका आत्मविश्वास टूट रहा है। अगर आप उसकी बल्लेबाजी देखें तो वह दो-तीन साल पहले की तरह बल्लेबाजी नहीं कर रहा है।’’ जायसवाल ने जून में अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे श्रृंखला के आखिरी मैच में 86 गेंदों पर नाबाद 110 रन बनाए थे। उन्हें विराट कोहली के चोटिल होने के कारण टीम में लिया गया था।

अश्विन ने कहा कि यह सुनिश्चित करना चयनकर्ताओं और टीम प्रबंधन की जिम्मेदारी है कि वे जब भी संभव हो तब इस युवा सलामी बल्लेबाज को मौका दे। उन्होंने कहा, ‘‘वह रन मशीन था। अगर उसका आत्मविश्वास टूट रहा है, तो टीम प्रबंधन और चयनकर्ताओं को चाहिए कि जब भी संभव हो तब उसे मौका मिले।

लेकिन उसे बिल्कुल भी मौके नहीं मिल रहे हैं और यह बहुत अन्यायपूर्ण है।’’

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़