Asian Champions Trophy: Harmanpreet Singh की अगुवाई में China से भिड़ेगी भारतीय हॉकी टीम

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी में अपने शुरुआती मुकाबले में बांग्लादेश को 13-0 से हराने के बाद भारतीय हॉकी टीम बृहस्पतिवार को जालंधर में चीन का सामना करेगी। मुख्य कोच क्रेग फुल्टन की टीम राउंड-रॉबिन चरण के इस दूसरे मैच में भी अपनी लय बरकरार रखने के इरादे से मैदान में उतरेगी।

(सौमोज्योति एस चौधरी) जालंधर, 28 अक्टूबर खिताब का बचाव करने के अपने अभियान का शानदार शुरुआत करने वाली पांच बार की चैंपियन भारतीय टीम बृहस्पतिवार को यहां एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी (एसीटी) ने अपने दूसरे राउंड-रॉबिन मैच में चीन के खिलाफ अपनी जीत का सिलसिला जारी रखने की कोशिश करेगी। एशियाई खेलों में लगातार दूसरा स्वर्ण पदक जीतने और लॉस एंजिलिस ओलंपिक के लिए क्वालीफाई करने वाली भारतीय टीम ने बांग्लादेश के खिलाफ 13-0 से बड़ी जीत हासिल की और वह आत्मविश्वास से भरी हुई है। पाकिस्तान ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए भारत आने से इनकार कर दिया था जिसके बाद उसकी जगह बांग्लादेश को शामिल किया गया।

यह एकतरफा मैच था जिसमें अधिकतर समय गेंद बांग्लादेश के पाले में ही घूमती रही। बांग्लादेश भले ही मजबूत टीम नहीं हो लेकिन भारत के लिए उत्साहजनक पहलू रहा कि हरमनप्रीत सिंह की अगुवाई वाली टीम ने मैदानी और पेनल्टी कॉर्नर दोनों से गोल किए। मंगलवार को खेले गए मैच में भारतीय टीम ने बांग्लादेश के खिलाफ आठ मैदानी गोल और पेनल्टी कॉर्नर पर पांच गोल दागे।

अनुभवी स्ट्राइकर मनदीप सिंह ने फॉर्म में वापसी की और हैट्रिक बनाकर आगे भी टीम में बने रहने के लिए अपना मजबूत दावा पेश किया क्योंकि रिपोर्टों के अनुसार उन्हें तथा जरमनप्रीत सिंह, अमित रोहिदास और नीलाकांता शर्मा को इस टूर्नामेंट के बाद टीम से बाहर किया जाएगा। जहां नीलाकांता ने मंगलवार को घोषणा की कि यह उनका आखिरी अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट होगा, वहीं मनदीप और जरमनप्रीत खेलना जारी रखना चाहते हैं। मनदीप के अलावा कप्तान हरमनप्रीत, दिलप्रीत सिंह और उप कप्तान हार्दिक सिंह ने दो-दो गोल किए, जबकि शिलानंद लाकड़ा, नीलाकांता और जुगराज सिंह ने भी एक-एक गोल दागा।

भारत के मुख्य कोच क्रेग फुल्टन मनदीप के प्रदर्शन से खुश थे। उन्होंने कहा, ‘‘उसने बहुत अच्छा प्रदर्शन किया। उसने अच्छी दौड़ लगाई तथा वह फुर्तीला और चुस्त था जो महत्वपूर्ण था।’’ फुल्टन के लिए हालांकि छोर बदलने के बाद तीसरे क्वार्टर में टीम का प्रदर्शन चिंता का विषय बना हुआ है।

उन्होंने कहा, ‘‘हम तेज शुरुआत चाहते थे, जो हमें पहले क्वार्टर में मिली। लेकिन तीसरा क्वार्टर उतना अच्छा नहीं रहा। यह अभी भी एक समस्या है।

लेकिन मुझे खुशी है कि हमने अंत में अच्छा प्रदर्शन किया।’’ पिंडली की मांसपेशियों में चोट के कारण बाहर हुए मनप्रीत सिंह की अनुपस्थिति में हार्दिक, विवेक सागर प्रसाद और नीलाकांता ने मध्य पंक्ति में अच्छा प्रदर्शन किया और अग्रिम पंक्ति के यो खिलाड़ियों के साथ अच्छी तरह से तालमेल बिठाया। मनदीप ने अग्रिम पंक्ति में शानदार खेल दिखाए जबकि अभिषेक, दिलप्रीत, शिलानंद और सुखजीत सिंह ने उनका बखूबी साथ दिया। रक्षापंक्ति में हरमनप्रीत, अमित रोहिदास, जुगराज और संजय पर पहले की तरह दारोमदार होगा, जबकि सूरज करकेरा और कृष्ण बहादुर पाठक गोलकीपिंग की जिम्मेदारी संभालेंगे।

जहां तक चीन की खिलाड़ियों का सवाल है तो उन्होंने एशियाई खेलों के रजत पदक विजेता मलेशिया के सामने कड़ी चुनौती पेश की लेकिन आखिर में वह 4-5 से हार गए। चीन ने इस टूर्नामेंट के लिए पूरी तरह से नई टीम उतारी है और उसके युवा खिलाड़ियों ने मलेशिया के खिलाफ अपनी काबिलियत का अच्छा नमूना पेश किया। फुल्टन ने चीन के खिलाफ होने वाले मैच के बारे में कहा, ‘‘हम चीन की इस टीम के बारे में नहीं जानते क्योंकि वह पूरी तरह से नई टीम के साथ यहां आए हैं।

उसकी वह टीम नहीं है जो एशियाई खेलों में खेली थी। हम उनके बारे में ज्यादा नहीं जानते और हमने उन्हें खेलते हुए नहीं देखा है। उनके बारे में सही जानकारी हासिल करने के लिए हमें उनके मैच के वीडियो फुटेज का विश्लेषण करना होगा।’’ बृहस्पतिवार को होने वाले अन्य मैचों में मलेशिया का दक्षिण कोरिया से जबकि बांग्लादेश का सामना जापान से होगा।

भारतीय टीम: गोलकीपर: सूरज करकेरा, कृष्ण बहादुर पाठक डिफेंडर: संजय, हरमनप्रीत सिंह (कप्तान), अमित रोहिदास, जुगराज सिंह, जरमनप्रीत सिंह, अमनदीप लाकड़ा। मिडफील्डर: राजिंदर सिंह, आदित्य अर्जुन लालगे, नीलाकांता शर्मा, हार्दिक सिंह, विवेक सागर प्रसाद। फॉरवर्ड: शिलानंद लाकड़ा, अभिषेक, सुखजीत सिंह, दिलप्रीत सिंह, मनदीप सिंह।

मैचों का कार्यक्रम: मलेशिया बनाम दक्षिण कोरिया (दोपहर 2.30 बजे) जापान बनाम बांग्लादेश (शाम 4.45 बजे) भारत बनाम चीन (शाम सात बजे)।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़