CISF में Constable और Head Constable स्तर पर 450 खिलाड़ियों की होगी भर्ती

CISF
प्रतिरूप फोटो
ANI
Ankit Jaiswal । Oct 22 2026 8:22PM

केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल जल्द ही करीब 450 खिलाड़ियों की भर्ती शुरू करने जा रहा है। इसके लिए सिपाही, हेड कांस्टेबल और सहायक उपनिरीक्षक स्तर पर भर्ती नियमों में संशोधन किया जा रहा है। इसके साथ ही बल खेल सुविधाओं के विस्तार, बेहतर प्रशिक्षण और खिलाड़ियों को आर्थिक मदद देने पर भी काम कर रहा है।

सीआईएसएफ में खेल के क्षेत्र में करियर बनाने की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। बल जल्द ही खाली पदों पर करीब 450 खिलाड़ियों की भर्ती शुरू करने जा रहा है। इसके लिए सिपाही, हेड कांस्टेबल और सहायक उपनिरीक्षक के स्तर पर खिलाड़ियों की भर्ती का रास्ता आसान बनाने के लिए नियमों में बदलाव किया जा रहा है। इस पहल का मकसद बल की खेल टीमों को मजबूत करना और राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करना है।

बता दें कि सीआईएसएफ केंद्रीय गृह मंत्रालय के अधीन आने वाला केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल है। बल ने अपनी खेल व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए भर्ती के साथ-साथ ट्रेनिग केंद्रों में सुविधाएं बढ़ाने, खिलाड़ियों को आर्थिक मदद देने और बेहतर उपकरण उपलब्ध कराने की योजना पर भी काम तेज किया है। इससे खिलाड़ियों को ओलंपिक, एशियाई खेल, राष्ट्रमंडल खेल और विश्व पुलिस एवं अग्निशमन खेलों जैसी बड़ी प्रतियोगिताओं की तैयारी में मदद मिलने की उम्मीद है।

सीआईएसएफ के मुताबिक, हैदराबाद स्थित राष्ट्रीय औद्योगिक सुरक्षा अकादमी और ग्रेटर नोएडा के सहायक ट्रेनिग केंद्र में खेल सुविधाएं विकसित की गई हैं। यहां खिलाड़ियों के लिए एथलेटिक्स ट्रैक सहित जरूरी सुविधाएं तैयार की गई हैं। हरियाणा के नूंह स्थित सीआईएसएफ महिला बटालियन में भी खेल ढांचे को बेहतर बनाया जा रहा है।

इसके अलावा, तमिलनाडु के थक्कोलम स्थित राजादित्य चोलन क्षेत्रीय ट्रेनिग केंद्र में क्षेत्रीय खेल केंद्र स्थापित करने की योजना है। इसके लिए भारतीय खेल प्राधिकरण विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार कर रहा है। प्रस्तावित केंद्र में बैडमिंटन, टेनिस, तलवारबाजी और साइकिलिंग सहित कई खेलों के ट्रेनिग की सुविधा विकसित करने की योजना है।

गौरतलब है कि सीआईएसएफ के महानिदेशक प्रवीर रंजन ने इस साल राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने वाले बल के खिलाड़ियों से मुलाकात के दौरान इन पहलों की जानकारी दी। वर्ष 2026 में जापान के आइची-नागोया में आयोजित 20वें एशियाई खेलों में सीआईएसएफ के 5 खिलाड़ियों ने भारत का प्रतिनिधित्व किया था। इनमें हेड कांस्टेबल रितु भी शामिल थीं, जिन्होंने भारतीय महिला कबड्डी टीम के सदस्य के रूप में स्वर्ण पदक जीता।

बल के खिलाड़ियों के प्रदर्शन में भी सुधार दर्ज किया गया है। अखिल भारतीय पुलिस खेल प्रतियोगिताओं के 5 समूहों में सीआईएसएफ के पदकों की संख्या वर्ष 2025-26 के 120 से बढ़कर 2026-27 में 169 हो गई। वर्ष 2025-26 में खिलाड़ियों ने 47 स्वर्ण, 30 रजत और 43 कांस्य पदक जीते थे। वहीं, 2026-27 में उन्होंने 64 स्वर्ण, 46 रजत और 59 कांस्य पदक हासिल किए।

इसी अवधि में बल की टीमों द्वारा जीती गई ट्रॉफियों की संख्या भी 10 से बढ़कर 20 हो गई। पहले वर्ष में पुरुष वर्ग में 6 और महिला वर्ग में 4 ट्रॉफियां मिली थीं। इसके मुकाबले 2026-27 में पुरुष और महिला टीमों ने 10-10 ट्रॉफियां जीतीं।

खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए सीआईएसएफ ने वर्ष 2025-26 के पदक विजेताओं और प्रशिक्षकों को करीब ₹97 लाख के नकद पुरस्कार दिए हैं। कुल 180 खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को महानिदेशक पदक तथा 161 कर्मियों को प्रशंसा प्रमाणपत्र दिया जाएगा। खेलों को बढ़ावा देने में योगदान देने वाले 9 इकाई प्रमुखों को भी सम्मानित किया जाएगा।

इसके अलावा, वर्ष 2026 में शानदार प्रदर्शन के लिए 18 खिलाड़ियों को विशेष वेतन वृद्धि दी गई है। इनमें 5 खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय और 13 राष्ट्रीय स्तर के प्रदर्शन के आधार पर चुने गए। खिलाड़ियों के भोजन और पोषण के लिए वर्ष 2026-27 में मौसम से बाहर के विशेष आहार भत्ते के रूप में करीब ₹2 करोड़ दिए गए हैं, जबकि प्रतियोगिता के मौसम के आहार भत्ते के लगभग ₹4 करोड़ का भुगतान जारी है। बल ने केंद्रीय खेल टीमों को करीब ₹76 लाख की खेल किट भी दी है और निजी खेल किट की जरूरतों के लिए खिलाड़ियों के खातों में सीधे ₹71 लाख भेजे हैं।

इन कदमों के जरिए सीआईएसएफ भर्ती, ट्रेनिग, आर्थिक सहायता और बेहतर खेल सुविधाओं पर ध्यान दे रहा है, ताकि उसके खिलाड़ी देश और दुनिया की बड़ी प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर सकें हैं।

All the updates here:

अन्य न्यूज़