Commonwealth Games 2030 के आयोजन के लिए Ahmedabad में पर्याप्त बुनियादी ढांचा: Sanghvi

गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने ग्लास्गो में कहा कि 2030 में होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों के लिए अहमदाबाद में पर्याप्त बुनियादी ढांचा मौजूद है। उन्होंने स्पष्ट किया कि ये खेल सुगमता और स्थिरता के मामले में नए मानदंड स्थापित करेंगे।
(अपराजिता उपाध्याय) ग्लास्गो, तीन अगस्त गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने कहा कि 2030 में होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों के लिए अहमदाबाद में पर्याप्त बुनियादी ढांचा मौजूद है और इसके साथ ही स्पष्ट किया कि भारत की मेजबानी में दूसरी बार होने वाले यह खेल सुगमता और स्थिरता के मामले में नए मानदंड स्थापित करेंगे। अहमदाबाद 2030 में राष्ट्रमंडल खेलों के 100 साल पूरे होने पर इन खेलों की मेजबानी करेगा। इस तरह से दो दशक के बाद इन खेलों की भारत में वापसी होगी।
भारत ने आखिरी बार 2010 में नयी दिल्ली में इन खेलों का आयोजन किया था। राज्य में खेल मंत्रालय का प्रभार भी संभाल रहे संघवी ने कहा कि अहमदाबाद का सबसे बड़ा ध्यान यह सुनिश्चित करने पर होगा कि खेल पैरा खिलाड़ियों के लिए पूरी तरह से समावेशी हों। उन्होंने रविवार को कहा, ‘‘पैरा खिलाड़ियों के लिए अहमदाबाद एक नया उदाहरण पेश करेगा।
हम पहले से ही सभी होटलों को पैरा खिलाड़ियों के लिए सुलभ बना रहे हैं। हमारा लक्ष्य इसे पैरा खिलाड़ियों के लिए सबसे अनुकूल राष्ट्रमंडल खेल बनाना है।’’ संघवी ने कहा कि इन खेलों का आयोजन पर्यावरण के अनुकूल बुनियादी ढांचे में किया जाएगा। उन्होंने कहा, ‘‘गुजरात भारत में हरित ऊर्जा का सबसे बड़ा उत्पादक है।
अहमदाबाद सतत विकास के क्षेत्र में सर्वश्रेष्ठ मानक स्थापित करेगा। सभी स्थानीय परिवहन विद्युतचालित होंगे। फिलहाल यह लगभग 90 प्रतिशत विद्युतचालित है, लेकिन 2030 तक यह 100 प्रतिशत हो जाएगा।’’ संघवी ने कहा कि शहर में खेलों की मेजबानी के लिए जरूरी बुनियादी ढांचा पहले से ही मौजूद है, जिसमें केवल कुछ सीमित सुधारों की जरूरत है।
उन्होंने कहा, ‘‘हमारे पास आज भी राष्ट्रमंडल खेलों के आयोजन के लिए पर्याप्त बुनियादी ढांचा मौजूद है। अगर हम मौजूदा बुनियादी ढांचे के लगभग 20 प्रतिशत हिस्से का नवीनीकरण कर लें, तो हम खेलों की सफल मेजबानी कर लेंगे।’’ संघवी ने कहा, ‘‘ अपनी शहरी विकास योजना के तहत हम खेलों के आधारभूत ढांचे को और विकसित कर रहे हैं। यह काम 2028 के अंत या 2029 की शुरुआत तक पूरा हो जाएगा।
हम चाहें तो आज भी राष्ट्रमंडल खेलों का सफल आयोजन कर सकते हैं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘भविष्य में इन स्टेडियमों का उपयोग युवा खिलाड़ियों के प्रशिक्षण और खेल विज्ञान के विकास के लिए किया जाएगा।’’ क्रिकेट को 2030 राष्ट्रमंडल खेलों में शामिल करने के बारे में संघवी ने कहा कि इसको लेकर राष्ट्रमंडल खेल संघ (कॉमनवेल्थ स्पोर्ट्स) के साथ बातचीत जारी है। उन्होंने कहा, ‘‘हम चाहते हैं कि क्रिकेट 2030 राष्ट्रमंडल खेलों का हिस्सा हो, लेकिन अंतिम निर्णय राष्ट्रमंडल खेल को लेना है। हम उनसे इस बारे में बातचीत कर रहे हैं।
अन्य न्यूज़














