Pro League के लिए Hockey Team India में होंगे बड़े बदलाव, कोच Craig Fulton ने दिए संकेत

Craig Fulton
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

भारतीय पुरुष हॉकी टीम के मुख्य कोच क्रेग फुल्टन ने 2028 लॉस एंजिलिस ओलंपिक को ध्यान में रखकर आगामी प्रो लीग के लिए नई टीम बनाने के संकेत दिए हैं। उन्होंने बताया कि 2027-28 चक्र के लिए टीम में व्यापक बदलाव किए जाएंगे। इससे पहले भारत इस महीने न्यूजीलैंड दौरे पर अपने विभिन्न विकल्पों को आजमाएगा।

भारतीय पुरुष हॉकी टीम के मुख्य कोच क्रेग फुल्टन ने अगले साल प्रो लीग के लिए टीम में व्यापक बदलाव के संकेत दिए हैं, क्योंकि भारत 2028 में लॉस एंजिलिस में होने वाले ओलंपिक खेलों को ध्यान में रखते हुए परिवर्तन के दौर की शुरुआत कर रहा है। भारत को फरवरी में प्रो लीग के घरेलू चरण में जर्मनी, अर्जेंटीना, ग्रेट ब्रिटेन और स्पेन से भिड़ना है। फुल्टन ने पीटीआई से कहा, ‘‘हम जनवरी (फरवरी) में प्रो लीग के लिए एक नई टीम का चयन करेंगे। हमारे पास अभ्यास के लिए बहुत कम समय है क्योंकि खिलाड़ी अपनी अपनी फ्रेंचाइजी में वापस चले जाएंगे।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हम एक नई टीम तैयार करेंगे, जो प्रो लीग में खेलेगी। 

इसके बाद हम उस टीम के साथ 2027-28 का चक्र शुरू करेंगे।’’ भारत एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी (एसीटी) के बाद इस महीने न्यूजीलैंड का दौरा करेगा। भारत के 1926 में पहले ऐतिहासिक हॉकी दौरे के 100 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में इन दोनों टीम के बीच एक विशेष अंतरराष्ट्रीय टेस्ट श्रृंखला खेली जाएगी। भारत 19, 21 और 22 नवंबर को ऑकलैंड में तीन टेस्ट मैच खेलेगा। 

फुल्टन ने कहा, ‘‘न्यूजीलैंड का दौरा करने वाली टीम को अभी अंतिम रूप नहीं दिया गया है। हम आने वाले दिनों में इसकी घोषणा करेंगे। अभी तक कुछ भी आधिकारिक नहीं है। हर टीम बदलाव के दौर से गुजरती है। हमने पहले भी बदलाव किए हैं। हम तीन बार एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी खेल चुके हैं और तीनों बार हमारी टीम बदली हुई थी।’’ उन्होंने कहा, ‘‘चेन्नई (2023) में खेलने वाली टीम हुलुनबुइर (2024) में खेलने वाली टीम से अलग थी। पिछली टीम के बाद से हमने नौ खिलाड़ियों को बदला है। 

अब यह टीम अलग है।’’ इस साल विश्व कप में भारत का प्रदर्शन निराशाजनक रहा और वह आठवें स्थान पर रहा। हरमनप्रीत सिंह की अगुवाई वाली टीम ने हालांकि एशियाई खेलों का खिताब बरकरार रखा और साथ ही लॉस एंजिलिस ओलंपिक के लिए सीधे क्वालीफाई कर लिया। फुल्टन ने कहा, ‘‘विश्व कप के बड़े मैचों में जब हमें गोल करने की जरूरत थी, तब हम गोल नहीं कर पाए और हमने कुछ आसान गोल भी खा लिए। 

इसलिए हमारी रक्षापंक्ति और अग्रिम पंक्ति दोनों में सुधार की जरूरत है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हम एशियाई टीमों के खिलाफ गोल करने और बचाव करने में अच्छे हैं लेकिन यूरोपीय और उच्च रैंकिंग वाली टीमों के खिलाफ हमें लगातार सुधार करना होगा। न्यूजीलैंड दौरे में हम अपने विकल्पों को आजमाएंगे और फिर एक नई टीम तैयार करेंगे।’’

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़