Cristiano Ronaldo ने Coach Jorge Jesus से विवाद के बीच Portugal का Nations League कैंप छोड़ा

Cristiano Ronaldo
प्रतिरूप फोटो
ANI
Ankit Jaiswal । Oct 1 2026 9:28PM

स्टार फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने डेनमार्क के खिलाफ नेशंस लीग मुकाबले से पहले पुर्तगाल का प्रशिक्षण शिविर छोड़ दिया है। कोच जॉर्ज जीसस के साथ कथित विवाद के बीच यह कदम उठाया गया है। रोनाल्डो ने कहा कि वह शिविर छोड़ने की असली वजह अपने प्रशंसकों को बाद में बताएंगे।

पुर्तगाल की फुटबॉल टीम के स्टार खिलाड़ी क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने बुधवार को टीम का ट्रेनिंग शिविर छोड़ दिया। यह फैसला डेनमार्क के कोपेनहेगन में उस समय सामने आया है, जब पुर्तगाल के कोच जॉर्ज जीसस के साथ उनके कथित विवाद की खबरें सामने आ रही थीं। पुर्तगाल को गुरुवार को डेनमार्क के खिलाफ नेशंस लीग का मुकाबला खेलना है।

रोनाल्डो ने सोशल मीडिया पर जारी संदेश में बताया है कि राष्ट्रीय टीम के कोच की प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद उन्होंने पुर्तगाल फुटबॉल फेडरेशन के अध्यक्ष पेड्रो प्रोएन्सा से बातचीत की है। इसके बाद उन्होंने टीम का कैंप छोड़ने का फैसला किया है। रोनाल्डो ने यह भी कहा है कि वह सही समय आने पर पुर्तगाल के फैंस को अपने जाने की असली वजह बताएंगे।

मौजूद जानकारी के अनुसार, पुर्तगाल की टीम बाद में अपने होटल पहुंची है, लेकिन रोनाल्डो और कोच जॉर्ज जीसस दोनों टीम के साथ मौजूद नहीं थे। दोनों इस समय कहां हैं, इसकी तत्काल जानकारी सामने नहीं आई है।

इस पूरे मामले की शुरुआत रोनाल्डो के बुधवार के ट्रेनिंग सत्र में शामिल नहीं होने से हुई है। पुर्तगाल फुटबॉल फेडरेशन ने पुष्टि की है कि वह डेनमार्क के खिलाफ मुकाबले से पहले टीम के अंतिम अभ्यास सत्र का हिस्सा नहीं बने हैं। इससे पहले पुर्तगाल के समाचार पत्र ‘आ बोला’ ने एक वीडियो जारी किया था, जिसमें रोनाल्डो को कोपेनहेगन के पार्केन स्टेडियम से महासंघ की गाड़ी में जाते हुए देखा गया है।

गौरतलब है कि जॉर्ज जीसस ने बुधवार को ट्रेनिंग से पहले हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में रोनाल्डो के अभ्यास से इनकार करने की खबरों को खारिज किया था। उन्होंने कहा था कि रोनाल्डो के ट्रेनिंग से दूर रहने की कोई वजह नहीं थी और मैच के कुछ दिनों बाद खिलाड़ी का अलग अभ्यास करना सामान्य बात है। जीसस ने यह भी कहा था कि रोनाल्डो उस दिन टीम के साथ अभ्यास करने वाले हैं।

कोच के मुताबिक, उन्होंने रोनाल्डो से इस मामले में बातचीत भी की थी। जीसस ने कहा था कि रोनाल्डो ने उनसे साफ कहा है कि वह टीम के फैसले के अनुसार खेलने या बाहर बैठने के लिए तैयार हैं। कोच ने इस दौरान किसी तरह की घटना होने से भी इनकार किया था।

बता दें कि रविवार को पुर्तगाल ने नॉर्वे को 2-1 से हराया था। उस मुकाबले में रोनाल्डो मैदान पर नहीं उतरे थे। जीसस ने पहले उन्हें दूसरे हाफ में उतारने की बात कही थी, लेकिन बाद में उन्होंने रोनाल्डो को मैदान पर नहीं भेजा था। इसके बाद सोमवार और मंगलवार को रोनाल्डो ने टीम के साथ अभ्यास करने के बजाय जिम में समय बिताया था। वह चोटिल भी नहीं थे।

पुर्तगाल फुटबॉल फेडरेशन के अध्यक्ष पेड्रो प्रोएन्सा मंगलवार को कोपेनहेगन पहुंचे थे। बताया गया है कि उन्होंने रोनाल्डो और जीसस से मुलाकात के लिए अपना कार्यक्रम बदला था। इसी बीच स्पेन के समाचार माध्यम ‘मार्का’ ने दावा किया है कि रोनाल्डो आने वाले घंटों में निजी विमान से मैड्रिड जाने की तैयारी में थे।

रोनाल्डो पुर्तगाल के सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी हैं और उनके नाम 146 अंतरराष्ट्रीय गोल हैं। वह 234 मैचों के साथ देश के सबसे ज्यादा अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेलने वाले खिलाड़ी भी हैं। उन्होंने पिछले सप्ताह कहा था कि मीडिया लंबे समय से उन्हें निशाना बना रहा है। उन्होंने यह भी संकेत दिया था कि अगर कोच उन्हें टीम में नहीं चाहते हैं तो वह उसी समय राष्ट्रीय टीम छोड़ सकते हैं।

ऐसे में डेनमार्क के खिलाफ मुकाबले से ठीक पहले उनका कैंप छोड़ना पुर्तगाल की टीम के लिए अहम घटनाक्रम माना जा रहा है।

All the updates here:

अन्य न्यूज़