Asian Games में Gold जीतने के बाद बोलीं Harmanpreet Kaur, अन्य खेलों के लिए खुला पदकों का रास्ता

भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने नागोया में एशियाई खेलों के फाइनल में श्रीलंका को 147 रनों से हराकर अपना स्वर्ण पदक बरकरार रखा। कप्तान हरमनप्रीत कौर ने कहा कि इस जीत से अन्य भारतीय एथलीटों को भी अधिक स्वर्ण पदक हासिल करने की प्रेरणा मिलेगी। वहीं स्मृति मंधाना ने ओलंपिक 2028 की चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए टीम को निरंतर प्रदर्शन बेहतर करने की सलाह दी।
भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने मंगलवार को उम्मीद जताई कि एशियाई खेलों में उनकी टीम की स्वर्ण पदक जीत देश के लिए इस महाद्वीपीय प्रतियोगिता में और अधिक स्वर्ण पदकों का रास्ता खोलेगी। भारतीय महिला टीम ने श्रीलंका को 147 रनों से हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया और 2023 में चीन में हुए पिछले चरण में जीते खिताब का सफलतापूर्वक बचाव किया। हरमनप्रीत ने पत्रकारों से कहा, ‘‘स्वर्ण पदक जीतकर बहुत अच्छा लग रहा है।
हर खिलाड़ी का यह सपना होता है। हमारी टीम ने स्वर्ण पदकों का रास्ता खोल दिया है। भारत जितने अधिक स्वर्ण पदक जीतेगा, हमारे लिए उतना ही बेहतर होगा।
’’ उन्होंने कहा, ‘‘हम कल (भारत) वापस जा रहे हैं। लेकिन हम निश्चित रूप से अन्य प्रतियोगिताओं पर नजर रखेंगे। ’’ हरमनप्रीत ने कहा कि उनकी टीम का एकमात्र लक्ष्य स्वर्ण पदक बरकरार रखना था।
उन्होंने कहा, ‘‘मेरे लिए और पूरी टीम के लिए यह बहुत बड़ी बात है कि हमने स्वर्ण पदक जीता। जब से हम यहां आए थे, हमारा सिर्फ एक लक्ष्य था, यहां से स्वर्ण पदक लेकर जाना। हम अपने तिरंगे को ऊंचा लहराते और राष्ट्रगान को बजते हुए देखना चाहते थे।
’’ उन्होंने कहा, ‘‘लेकिन, हमें पता नहीं था कि स्वर्ण पदक जीतने वाले हम पहले होंगे। मुझे यकीन है कि दूसरे एथलीट भी बहुत सारे स्वर्ण पदक जीतेंगे। ’’ सैंतीस साल की खिलाड़ी ने कहा कि टीम जापान में बिना किसी खास उम्मीद के आई थी क्योंकि उन्हें पता था कि यहां शायद अच्छी सुविधाएं नहीं मिलें।
उन्होंने कहा, ‘‘हम बहुत खुले मन से आए थे। हमें नहीं पता था कि क्या होगा और क्या नहीं। जिस दिन हम यहां आए, हमने मैदान की सुविधाएँ देखीं।
हमने ‘हाइब्रिड’ पिच देखी और सब लोग निश्चिंत हो गए। ’’ यह अनुभवी बल्लेबाज मैदान और अन्य सुविधाओं से संतुष्ट थीं। उन्होंने कहा, ‘‘हमने खबरों में पढ़ा था कि मैदान का स्तर उतना अच्छा नहीं है।
मुझे लगता है कि यह देखकर अच्छा लगा कि किसी को चोट नहीं लगी जिसका मतलब है कि हालात अच्छे थे। अगर आप देखें, तो एक बड़े स्कोर वाला मैच भी हो रहा था। साथ ही, इससे गेंदबाजों को भी मदद मिल रही थी।
तो विकेट उसी हिसाब से बनाया गया था और मुझे लगता है कि उन्होंने अपनी तरफ से सबसे अच्छी सुविधाएं दीं। ’’ वहीं भारत की स्टार बल्लेबाज स्मृति मंधाना ने कहा कि 2028 लॉस एंजिल्स ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीतने के लिए टीम को अगले दो साल तक अच्छा प्रदर्शन जारी रखना होगा क्योंकि वहां होने वाला टूर्नामेंट एशियाई खेलों की तुलना में कहीं ज्यादा मुश्किल होगा। मंधाना ने 45 गेंद में 79 रन बनाए।
उन्होंने कहा, ‘‘देखिए, एशियाई खेलों की तुलना में, मुझे लगता है कि विश्व क्रिकेट में हमारे सामने और भी कड़े मुकाबले आने वाले हैं। इसलिए विश्व कप में जाना या ओलंपिक जीतना एक बड़ी चुनौती है। हमें लगातार बेहतर होते रहना होगा और मेहनत करते रहना होगा।
हम इस जीत का जश्न मनाते हुए ज्यादा समय नहीं बिता सकते। ’’ उन्होंने कहा, ‘‘हमें लगातार बेहतर होते रहना होगा और यह देखना होगा कि अगले डेढ़ दो साल में हम ओलंपिक पदक जीतने की सबसे अच्छी स्थिति में पहुंचने के लिए क्या कर सकते हैं। ’’ उन्होंने कहा, ‘‘इस टूर्नामेंट में भारत के लिए पहला स्वर्ण पदक जीतना अच्छी बात है।
मुझे बहुत खुशी है कि हम सबने पदक जीते और हम इसी तरह आगे बढ़ते रहेंगे। ’’ उन्होंने कहा कि जीत में टीम के सभी खिलाड़ियों का अच्छा योगदान रहा, लेकिन बेहतर टीमों के खिलाफ भी अच्छा क्रिकेट खेलना जारी रखना होगा।
अन्य न्यूज़













