ICC Cricket World Cup 2027 के टिकटों को लेकर भारी मांग, 142 देशों से मिले 1.5 करोड़ आवेदन

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद को 2027 विश्व कप टिकट प्रक्रिया शुरू होने के महज 12 दिनों में दुनिया भर से 1.5 करोड़ से अधिक आवेदन मिले हैं। टूर्नामेंट की संयुक्त मेजबानी दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया द्वारा 2 अक्टूबर से 21 नवंबर तक की जाएगी। टिकटों के लिए पंजीकरण 21 नवंबर 2026 तक खुला रहेगा।

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने मंगलवार को कहा है कि उसे 12 दिन पहले 2027 विश्व कप के टिकटों के लिए आवेदन की प्रक्रिया शुरू करने के बाद से अब तक 142 देशों से डेढ़ करोड़ से अधिक आवेदन मिले हैं जो इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में वैश्विक रुचि को दर्शाता है। आईसीसी के इस 50 ओवर के शीर्ष टूर्नामेंट की मेजबानी दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया संयुक्त रूप से करेंगे और इसका आयोजन दो अक्टूबर से 21 नवंबर तक किया जाएगा। आईसीसी ने एक बयान में कहा, ‘‘अब तक टिकटों के लिए एक करोड़ 50 लाख 83 हजार 752 आवेदन मिले हैं जिसके लिए 142 देशों के प्रशंसकों ने 44 लाख 23 हजार 417 पंजीकरण कराए हैं।’’ टिकटों के लिए पंजीकरण 21 नवंबर 2026 तक कराया जा सकता है जिसके ठीक एक साल बाद जोहानिसबर्ग के वांडरर्स में फाइनल का आयोजन होगा।

आईसीसी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी संजोग गुप्ता ने कहा, ‘‘टिकटों की भारी मांग क्रिकेट विश्व कप की लोकप्रियता और प्रतिष्ठा, पर्यटन स्थल के रूप में अफ्रीका के आकर्षण तथा टूर्नामेंट के आगाज से पहले आईसीसी और उसके साझेदारों की प्रचार गतिविधियों से पैदा हुई उत्सुकता का प्रमाण है।’’ क्रिकेट विश्व कप 24 साल के अंतराल के बाद दक्षिण अफ्रीका लौट रहा है। गुप्ता ने कहा, ‘‘टूर्नामेंट शुरू होने में एक साल शेष है और आईसीसी ने इस दौरान व्यापक स्तर पर प्रचार गतिविधियों, विभिन्न मंचों पर अभियान और विशेष सामग्री की शृंखला की योजना बनाई है। इससे आईसीसी क्रिकेट विश्व कप 2027 को लेकर प्रशंसकों का उत्साह और बढ़ेगा।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़